☰
×

चीन 2030 तक तैयार करेगा सुपर कम्युनिकेशन नेटवर्क, 6G और सैटेलाइट इंटरनेट से लैस होगा सिस्टम

 

चीन ने अगली पीढ़ी का कम्युनिकेशन नेटवर्क तैयार करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। देश का लक्ष्य 2030 तक ऐसा सुपर नेटवर्क विकसित करना है, जिसमें 5G-A, 6G, 10-गीगाबिट ऑप्टिकल फाइबर और सैटेलाइट इंटरनेट जैसी तकनीकों को एक साथ जोड़ा जाएगा।

इस नेटवर्क के जरिए जमीन के साथ-साथ हवा, अंतरिक्ष और समुद्र में भी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, साइबरस्पेस एडमिनिस्ट्रेशन और राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग ने मिलकर योजना तैयार की है।

क्या है चीन का 2030 का लक्ष्य?

चीन 2030 तक अपने कम्युनिकेशन नेटवर्क को दुनिया के सबसे आधुनिक नेटवर्क में शामिल करना चाहता है। इसके तहत अंतरिक्ष आधारित इंटरनेट की क्षमता बढ़ाई जाएगी, ताकि दुनियाभर में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा सके।

इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ज्यादा मजबूत और भरोसेमंद बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। चीन मौजूदा नेटवर्क के बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करके इस नई तकनीक को विकसित करेगा।

पुराने नेटवर्क से कितना अलग होगा नया सिस्टम?

चीन के इस नए नेटवर्क में चार बड़े बदलाव किए जाएंगे।

पहला, यह केवल इंसानों को ही नहीं, बल्कि मशीनों, उपकरणों और AI आधारित इंटेलिजेंट सिस्टम को भी आपस में जोड़ेगा।

दूसरा, नेटवर्क की पहुंच जमीन तक सीमित नहीं रहेगी। इसे हवा, अंतरिक्ष और समुद्र तक विस्तारित किया जाएगा।

तीसरा, इंटरनेट की स्पीड और कनेक्शन क्षमता बढ़ाई जाएगी। साथ ही लेटेंसी यानी डेटा भेजने और प्राप्त करने में लगने वाला समय कम किया जाएगा।

चौथा, नेटवर्क केवल जानकारी भेजने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें सेंसिंग, नेविगेशन, कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।

AI और ग्रीन टेक्नोलॉजी पर रहेगा फोकस

इस योजना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अहम भूमिका दी जाएगी। चीन अपने घरेलू नेटवर्क, सैटेलाइट नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को आपस में जोड़कर कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।

इसके अलावा AI की मदद से नेटवर्क को ज्यादा स्मार्ट बनाया जाएगा। इसकी सुरक्षा बेहतर करने और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए तकनीक विकसित करने पर भी जोर रहेगा।

इस नेटवर्क के जरिए चीन भविष्य में क्लाउड कंप्यूटिंग और सुपरफास्ट इंटरनेट की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है।