☰
×

iPhones यूज़र्स के लिए बड़ी ख़बर! भारत में शुरू हुई Apple Pay सेवा, जानिए कैसे करेगा काम

 

लंबे इंतजार के बाद Apple ने भारत में अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसके लिए Axis Bank के साथ साझेदारी की है। शुरुआत में यह सुविधा Axis Bank के चुनिंदा क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है।अब यूजर्स को हर बार फिजिकल कार्ड निकालने या कार्ड की डिटेल्स डालने की जरूरत नहीं होगी। iPhone, iPad और Apple Watch की मदद से NFC-सक्षम मशीनों पर सिर्फ टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा।

Axis Bank से हुई शुरुआत

फिलहाल Apple Pay की सुविधा Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड्स के लिए शुरू की गई है। कंपनी की योजना आने वाले समय में भारत के दूसरे प्रमुख बैंकों और कार्ड नेटवर्क को भी Apple Pay से जोड़ने की है।

यूजर्स अपने योग्य क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ सकते हैं। इसके बाद देश के हजारों स्टोर्स, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स, ऐप्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर NFC सपोर्ट करने वाली मशीनों पर भुगतान किया जा सकेगा।

Apple Pay और Apple Wallet की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली के मुताबिक, भारत तेजी से डिजिटल पेमेंट की ओर बढ़ रहा है और यूजर्स सुरक्षित और आसान पेमेंट अनुभव चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए Apple Pay को भारत में लाया गया है।

कैसे काम करेगा Apple Pay?

Apple Pay से पेमेंट करना काफी आसान होगा। स्टोर पर भुगतान करते समय यूजर को अपने iPhone के साइड बटन या होम बटन को डबल-क्लिक करना होगा। इसके बाद Face ID, Touch ID या पासकोड से ऑथेंटिकेशन करना होगा।

ऑथेंटिकेशन पूरा होने के बाद iPhone या Apple Watch को NFC वाली POS मशीन के पास ले जाते ही पेमेंट पूरा हो जाएगा।

यानी हर ट्रांजैक्शन पर कार्ड नंबर, CVV या OTP जैसी जानकारी बार-बार दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ऑनलाइन शॉपिंग में भी मिलेगा फायदा

Apple Pay का इस्तेमाल सिर्फ दुकानों पर ही नहीं, बल्कि सपोर्टेड ऐप्स और वेबसाइट्स पर ऑनलाइन पेमेंट के लिए भी किया जा सकेगा।

स्विगी, जोमैटो, ब्लिंकिट और क्रोमा जैसे प्लेटफॉर्म्स पर चेकआउट के दौरान कार्ड की जानकारी बार-बार भरने की जरूरत कम हो सकती है। फिलहाल यह सुविधा iPhone, iPad और Apple Watch पर उपलब्ध है, जबकि Mac के लिए सपोर्ट बाद में जोड़ा जाएगा।

सुरक्षा और प्राइवेसी पर Apple का फोकस

Apple के मुताबिक, यूजर के असली क्रेडिट कार्ड नंबर को डिवाइस या Apple के सर्वर पर स्टोर नहीं किया जाता और पेमेंट के दौरान मर्चेंट के साथ भी कार्ड की वास्तविक जानकारी शेयर नहीं होती।

Visa और Mastercard की टोकनाइजेशन तकनीक के जरिए प्रत्येक डिवाइस के लिए एक यूनिक Device Account Number तैयार किया जाता है। यह जानकारी डिवाइस के Secure Element में सुरक्षित रहती है।

इसके अलावा Apple Pay से पेमेंट करने पर कार्ड से जुड़े लागू रिवॉर्ड पॉइंट्स और ऑफर्स भी जारी रहेंगे।

किन डिवाइसेज पर चलेगा Apple Pay?

iPhone: iOS 18 या उसके बाद के वर्जन वाला iPhone XR या नया मॉडल।

Apple Watch: watchOS 11 या उसके बाद के वर्जन वाली Apple Watch Series 6 या नया मॉडल।

कुल मिलाकर भारत में Apple Pay की एंट्री से Apple डिवाइस यूजर्स के लिए कार्ड से पेमेंट करने का एक नया विकल्प खुल गया है। हालांकि शुरुआती चरण में इसकी उपलब्धता Axis Bank के योग्य क्रेडिट कार्ड्स तक सीमित है और दूसरे बैंकों को जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही गई है।