☰
×

BGMI Air: 10 दिसंबर को भारत में लॉन्च होगा गेम, 1GB डाउनलोड साइज; 1.4 करोड़ लोगों ने कराया प्री-रजिस्ट्रेशन

 

मोबाइल गेमिंग के शौकीनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लोकप्रिय गेम Battlegrounds Mobile India (BGMI) का हल्का वर्जन BGMI Air भारत में लॉन्च होने जा रहा है। Krafton India ने इसकी लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। यह गेम 10 दिसंबर को लॉन्च होगा। इसे खास तौर पर उन खिलाड़ियों के लिए तैयार किया गया है, जिनके स्मार्टफोन में कम स्टोरेज है या जो भारी गेम नहीं चला पाते।

कंपनी के मुताबिक, BGMI Air का शुरुआती डाउनलोड साइज करीब 1GB होगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का होना है। अब तक Google Play पर गेम के लिए 1.4 करोड़ से ज्यादा प्री-रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। यह मौजूदा BGMI से अलग ऐप के रूप में उपलब्ध होगा। इसे खेलने के लिए पुराने BGMI ऐप को हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

लॉन्च से पहले मिलेगा गेम खेलने का मौका

Krafton India ने आधिकारिक लॉन्च से पहले Closed Beta Testing की घोषणा की है। यह टेस्टिंग 20 नवंबर से 24 नवंबर तक चलेगी। इसमें मुंबई, दिल्ली और कोलकाता के चुनिंदा खिलाड़ियों को गेम आजमाने का मौका मिलेगा।

इस दौरान खिलाड़ियों से मिलने वाले सुझावों और फीडबैक के आधार पर कंपनी गेम में जरूरी बदलाव करेगी। हालांकि, इसके लिए खिलाड़ियों को पहले आवेदन करना होगा।

ऐसे करें Closed Beta Testing के लिए आवेदन

BGMI Air की शुरुआती टेस्टिंग में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को 15 से 60 सेकंड का एक ऑडिशन वीडियो बनाकर जमा करना होगा। वीडियो में बताना होगा कि उन्हें शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल होने का मौका क्यों मिलना चाहिए।

आवेदन के लिए ये शर्तें रखी गई हैं:

  • आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए।
  • वैध सरकारी फोटो आईडी होना जरूरी है।
  • आवेदक के पास BGMI अकाउंट होना चाहिए।
  • वीडियो में गेम की शुरुआती टेस्टिंग में शामिल होने की वजह बतानी होगी।
  • गेम के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को टैग करना होगा।
  • आवेदन फॉर्म भरना अनिवार्य है।

आवेदन फॉर्म BGMI Air और BGMI के आधिकारिक Instagram अकाउंट @battlegroundsmobilein_official के बायो में उपलब्ध है।

कम स्टोरेज वाले फोन में भी खेल सकेंगे गेम?

BGMI Air का करीब 1GB का शुरुआती डाउनलोड साइज इसे दूसरे बड़े मोबाइल गेम्स से अलग बनाता है। हालांकि, Krafton ने अभी तक गेम की न्यूनतम सिस्टम रिक्वायरमेंट और जरूरी Android वर्जन की जानकारी नहीं दी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कम क्षमता वाले स्मार्टफोन पर गेम कितना बेहतर प्रदर्शन करता है।