×

BenQ New Products: iMac यूजर्स के लिए नई लाइटिंग और एक्सेसरीज, डुअल मॉनिटर सेटअप के लिए भी खास डिवाइस
 

 

लंबे समय तक कंप्यूटर या मॉनिटर के सामने काम करने वालों के लिए डेस्क पर सही लाइटिंग काफी मायने रखती है। इसी सेगमेंट में BenQ ने मुंबई में आयोजित InfoComm 2026 में अपने नए वर्कस्पेस लाइटिंग प्रोडक्ट्स और Mac यूजर्स के लिए तैयार एक्सेसरीज की झलक दिखाई है। कंपनी ने इवेंट में iMac से लेकर डुअल-मॉनिटर सेटअप तक के लिए अलग-अलग डिवाइस प्रदर्शित किए।
इनमें कुछ प्रोडक्ट्स को कंपनी इससे पहले IFA 2026 में भी पेश कर चुकी है। हालांकि, भारत में इनकी कीमत, बिक्री और आधिकारिक लॉन्च डेट को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
iScreenBar: छोटे मॉनिटर और iMac के लिए कॉम्पैक्ट लाइट
BenQ का iScreenBar छोटे मॉनिटर और खास तौर पर Apple iMac को ध्यान में रखकर तैयार किया गया डेस्क लाइटिंग सिस्टम है। इसे मॉनिटर के पीछे मैग्नेटिक तरीके से लगाया जा सकता है।
इसमें माइक्रोफोन के लिए भी अलग स्पेस दिया गया है। कंपनी के अनुसार, iMac डिस्प्ले के हिसाब से अलग-अलग लाइटिंग मोड उपलब्ध कराए गए हैं। वीडियो कॉल के दौरान एक ऐसा मोड भी मिलता है, जिसमें लाइट बार के एक हिस्से की रोशनी बंद की जा सकती है।
इसके अलावा, पुराने मॉडल की तुलना में इसके कंट्रोल को लाइट बार में ही शामिल किया गया है, जिससे लाइटिंग को एडजस्ट करना आसान हो सकता है।
ScreenBar Max: डुअल मॉनिटर सेटअप के लिए बड़ा डिजाइन
बड़े वर्कस्पेस और मल्टी-मॉनिटर यूजर्स के लिए BenQ ने ScreenBar Max भी प्रदर्शित किया। यह कंपनी के छोटे डेस्क लाइटिंग मॉडल्स की तुलना में बड़ा सिस्टम है और इसे खास तौर पर डुअल-मॉनिटर सेटअप के लिए डिजाइन किया गया है।
इसमें लाइटिंग सिस्टम के साथ कंट्रोल भी एक ही यूनिट में दिए गए हैं। इसका माउंटिंग सिस्टम अलग है और इसे सीधे मॉनिटर के ऊपर माउंट करने के बजाय अपने विशेष माउंट के जरिए सेटअप किया जाता है।
Studio Arm: Apple डिस्प्ले के लिए फ्लेक्सिबल माउंट
BenQ के INFTYLAB ब्रांड ने Studio Arm भी पेश किया। इसे Apple Studio Display, Studio Display XDR और iMac जैसे डिवाइस के साथ इस्तेमाल करने के लिए डिजाइन किया गया है।
Studio Arm की मदद से स्क्रीन को अलग-अलग दिशा और एंगल में एडजस्ट किया जा सकता है। इसका डिजाइन डेस्क पर केबल्स को कम दिखाई देने और सेटअप को व्यवस्थित रखने पर केंद्रित है।
यह VESA और स्टैंड, दोनों तरह के विकल्पों में उपलब्ध है। इसके बेस में C-Clamp और Grommet जैसे माउंटिंग विकल्प भी दिए गए हैं।


M Mouse: तीन डिवाइस के बीच कर सकेंगे स्विच
INFTYLAB ने M Mouse भी दिखाया है, जिसे हल्के डिजाइन और कस्टमाइज कंट्रोल के साथ पेश किया गया है। इसमें दो स्क्रॉल व्हील और तीन प्रोग्रामेबल बटन मिलते हैं।
यह Bluetooth कनेक्टिविटी के जरिए काम करता है और यूजर एक ही माउस से तीन अलग-अलग डिवाइस के बीच स्विच कर सकता है। बटन और अन्य कंट्रोल को INFTYLAB Glide डेस्कटॉप ऐप के जरिए यूजर अपनी जरूरत के अनुसार कस्टमाइज कर सकते हैं।
इसके अलावा, INFTYLAB के वर्कस्पेस लाइनअप में Flow Desk Mat भी शामिल है, जिसे डेस्क सेटअप को पूरा करने वाले एक्सेसरी के तौर पर पेश किया गया है।
भारत में कब आएंगे ये प्रोडक्ट्स?
BenQ ने InfoComm 2026 में इन प्रोडक्ट्स को प्रदर्शित किया है, लेकिन भारत में इनकी कीमत और बिक्री शुरू होने की तारीख की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इनके लॉन्च और उपलब्धता से जुड़ी घोषणा का इंतजार करना होगा।