×

कहीं आप भी तो नहीं कर रहे यह गलती? सरकार ने सोशल मीडिया पर जारी किया नया अलर्ट, हो सकता है बड़ा नुकसान

 

क्या आप भी सोशल मीडिया पर ज़्यादा मुनाफ़े वाले विज्ञापन देख रहे हैं और उन पर क्लिक कर रहे हैं? अगर आप ऐसे बेटिंग प्लेटफ़ॉर्म पर जा रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। सरकार ने इस बारे में चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय के तहत बनी साइबर सिक्योरिटी विंग, I4C ने लोगों को इस बारे में आगाह किया है। I4C ने अपने ऑफ़िशियल चैनल 'साइबर दोस्त' के ज़रिए यह जानकारी दी है।

सरकार की चेतावनी
I4C ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि बेटिंग ऐप्स अब धोखाधड़ी का नया अड्डा बन गए हैं। I4C ने पोस्ट में बताया कि हाल ही में नोएडा पुलिस ने बेटिंग ऐप चलाने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफ़ाश किया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए लोगों को निशाना बना रहा था। वे सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें फ़र्ज़ी इन्वेस्टमेंट स्कीम में शामिल करते थे। इसके बाद लोगों के साथ धोखाधड़ी की जाती थी।

'साइबर दोस्त' ने अपने हैंडल के ज़रिए लोगों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के बेटिंग लिंक और इन्वेस्टमेंट विज्ञापनों से दूर रहें।

किसी भी तरह की गारंटीड रिटर्न स्कीम और बिना जोखिम वाले मुनाफ़े के झांसे में न आएं।

अगर आप कोई इन्वेस्टमेंट करना चाहते हैं, तो सिर्फ़ रेगुलेटेड प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए ही करें।

साथ ही, फ़ोन पर ऐसा कोई ऐप इंस्टॉल न करें।

सबसे पहले Google Play Store या App Store से ऐप की सच्चाई जांच लें।

इतना ही नहीं, अगर आपके साथ किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो शिकायत करने के लिए नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर ये गलतियां न करें
साइबर अपराधी लोगों को फंसाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म का सहारा ले रहे हैं। WhatsApp, Facebook और Instagram जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करके वे लोगों से संपर्क करते हैं और फिर इन्वेस्टमेंट के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी करते हैं।

सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए किसी भी लिंक को न खोलें।
ज़्यादा मुनाफ़े वाली स्कीम वाले विज्ञापनों को नज़रअंदाज़ करें।
अपनी बैंक डिटेल्स, आधार डिटेल्स वगैरह किसी के साथ शेयर न करें।
साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए आपको ज़्यादा सावधान रहने की ज़रूरत है।