इन तीन Chinese Apps की बढ़ी मुश्किलें, चुरा रहे थे लोगों का पर्सनल डेटा!
चीनी ऐप्स TikTok, WeChat और AliExpress की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। इन तीनों चीनी ऐप्स पर यूज़र डेटा चोरी करने का आरोप है। एक ऑस्ट्रियाई एडवोकेसी प्राइवेसी ग्रुप ने इन चीनी ऐप्स के खिलाफ यूरोपीय संघ में शिकायत दर्ज कराई है। ये ऐप्स यूरोपीय संघ के प्राइवेसी कंप्लायंस को पूरा नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते इन पर बैन लगने की तलवार भी लटक रही है। यूरोपीय संघ की नीति के अनुसार, यूज़र्स के पास अपना डेटा डाउनलोड करने का विकल्प होता है।
प्राइवेसी का उल्लंघन
रिपोर्ट के अनुसार, इन तीनों चीनी ऐप्स में डेटा डाउनलोड करने का विकल्प नहीं है, जो प्राइवेसी का एक बड़ा उल्लंघन है। ज़्यादातर सोशल मीडिया ऐप्स में ये विकल्प मौजूद हैं। एडवोकेसी ग्रुप noyb ने कहा कि कई चीनी ऐप्स में यूज़र्स का निजी डेटा डाउनलोड करने के लिए टूल्स नहीं हैं। इसके अलावा, ये तीनों चीनी ऐप्स यूज़र की ढेर सारी जानकारी इकट्ठा करने में माहिर हैं।
एडवोकेसी ग्रुप noyb डेटा प्राइवेसी को लेकर टेक कंपनियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाता रहा है। प्राइवेसी ग्रुप ने 6 चीनी कंपनियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इन चीनी ऐप्स पर यूज़र्स का डेटा चीन ट्रांसफर करने का आरोप है। नोयब को ऐप्पल, अल्फाबेट जैसी अमेरिकी टेक कंपनियों पर मुकदमा करने के लिए जाना जाता है।
यह पहली बार नहीं है जब चीनी कंपनियों पर उपयोगकर्ता डेटा चोरी करने का आरोप लगा है। कई बार उपयोगकर्ता डेटा गलत तरीके से संग्रहीत किया जाता है। मुकदमा चलाने के बाद, यूरोप में चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इनमें से ज़्यादातर ऐप्स भारत में प्रतिबंधित हैं। चीनी ऐप्स पर 2020 से ही प्रतिबंध लगा हुआ है।