Apple Event 2026: नए HomePod और Apple TV 4K की हो सकती है एंट्री, जानें डिटेल्स
Apple का सितंबर लॉन्च इवेंट हर साल नए iPhone समेत कई बड़े प्रोडक्ट्स की लॉन्चिंग के लिए चर्चा में रहता है. इस बार भी कंपनी के इवेंट में कई नए डिवाइसेज पेश किए जाने की उम्मीद है, लेकिन खास बात यह है कि Apple स्मार्ट होम सेगमेंट पर भी अपना फोकस बढ़ा सकता है.
Apple ने अपने आगामी लॉन्च इवेंट को ‘Surprise and Shine’ नाम दिया है. यह इवेंट 9 सितंबर को Apple Park, Cupertino में आयोजित होने वाला है. iPhone 18 Pro सीरीज के अलावा कंपनी इस दौरान कई स्मार्ट होम डिवाइस पेश कर सकती है.
HomePod Touch समेत नए स्मार्ट होम डिवाइस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple सितंबर इवेंट में तीन नए स्मार्ट होम प्रोडक्ट्स लॉन्च कर सकता है. इनमें HomePod Touch, HomePod Mini 2 और Apple TV 4K शामिल होने की उम्मीद है.
सबसे ज्यादा चर्चा HomePod Touch की है. इसे करीब 7 इंच की टचस्क्रीन के साथ पेश किए जाने की संभावना है. वहीं HomePod Mini 2 में नया चिपसेट मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा स्पीकर की ऑडियो क्वालिटी में सुधार और Siri में AI से जुड़े नए फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं.
नए Apple TV 4K में मिलेगा दमदार चिप
Apple अपने नए Apple TV 4K को भी पहले से ज्यादा पावरफुल हार्डवेयर के साथ पेश कर सकता है. इसमें नया चिपसेट और AI फीचर्स वाली Siri मिलने की चर्चा है.
इसके अलावा कंपनी Apple TV के रिमोट में भी बदलाव कर सकती है. नए रिमोट में Siri AI-powered फीचर्स शामिल किए जाने की उम्मीद है, जिससे यूजर्स को कंटेंट और दूसरे फीचर्स को कंट्रोल करने में आसानी हो सकती है.
अक्टूबर में भी कई बड़े प्रोडक्ट्स की तैयारी
सितंबर इवेंट के बाद Apple का अक्टूबर महीना भी काफी अहम रहने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स में इस दौरान कई नए प्रोडक्ट्स की लॉन्चिंग की बात कही जा रही है.
कंपनी MacBook Ultra, अपना पहला टचस्क्रीन लैपटॉप, M6 चिप वाला नया MacBook Pro, M6 प्रोसेसर के साथ अपडेटेड iMac और OLED डिस्प्ले वाला पहला iPad पेश कर सकती है. इसके अलावा एक नया फुल-साइज Apple HomePod भी अक्टूबर में दस्तक दे सकता है.
iPhone 18 सीरीज में भी देखने को मिल सकता है बड़ा बदलाव
इस साल सितंबर इवेंट में Apple की ओर से iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च किए जाने की चर्चा है. इसके साथ कंपनी अपने पहले बुक-स्टाइल फोल्डेबल iPhone Ultra को भी पेश कर सकती है.
इसके अलावा Apple Watch Series 12, Apple Watch Ultra 4 और AirPods 5 भी इवेंट का हिस्सा बन सकते हैं. हालांकि, स्टैंडर्ड iPhone 18 और iPhone Air 2 की लॉन्चिंग को फिलहाल आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है.
अब सबकी नजरें 9 सितंबर के Apple इवेंट पर हैं, जहां कंपनी iPhone के साथ अपने स्मार्ट होम इकोसिस्टम को लेकर भी बड़े ऐलान कर सकती है.