×

AI का रक्षाबंधन तड़का: इस बार व्हाट्सएप पर भेजें अपनी पसंद के धांसू राखी स्टिकर्स, जानिए आसान ट्रिक

 

रक्षाबंधन यानी राखी का त्योहार बस आने वाला है। इस बार रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। अगर आप अपनी बहन या भाई को कुछ खास अंदाज में सरप्राइज देना चाहते हैं, तो WhatsApp के लिए पर्सनलाइज्ड राखी स्टिकर्स बना सकते हैं। खास बात यह है कि इन स्टिकर्स में आप अपनी और अपने भाई या बहन की फोटो भी शामिल कर सकते हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और थर्ड पार्टी ऐप्स पर कई तरह के स्टिकर्स आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन उनमें अक्सर पर्सनल टच नहीं होता। AI की मदद से अब आप अपनी पसंद के अनुसार खुद के पर्सनलाइज्ड स्टिकर्स तैयार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले ChatGPT की वेबसाइट या ऐप खोलें।

इसके बाद अपनी और अपने भाई या बहन की फोटो अपलोड करें। अब आप किस तरह का स्टिकर बनाना चाहते हैं, उसका विवरण लिखें। इसके लिए नीचे दिया गया प्रॉम्प्ट इस्तेमाल कर सकते हैं।

इस प्रॉम्प्ट को ChatGPT में करें पेस्ट

भारतीय त्योहार रक्षाबंधन पर आधारित एक ही स्टिकर शीट तैयार करें, जिसमें भाई और बहन के 8 अलग-अलग प्यारे चिबी स्टाइल के चित्र हों। दोनों के चेहरे फोटो के आधार पर पहचानने योग्य रहें। चेहरे के फीचर्स प्यारे और आकर्षक हों, बड़ी भावपूर्ण आंखें, गोल चेहरे और शरीर की तुलना में थोड़ा बड़ा सिर हो। रंग गर्म और त्योहार के अनुरूप हों। चित्रों में साफ और सुंदर लाइनें तथा चमकदार स्टिकर जैसा फिनिश हो और पीछे साफ सफेद बैकग्राउंड हो।

स्टिकर के 8 अलग-अलग दृश्य इस प्रकार हों:

1. बहन प्यार से भाई की कलाई पर सुंदर और सजावटी राखी बांध रही हो।
2. भाई खुशी से अपनी नई राखी दिखाते हुए गर्व से मुस्कुरा रहा हो।
3. भाई रंग-बिरंगे कागज में लिपटा हुआ गिफ्ट अपनी उत्साहित बहन को दे रहा हो।
4. भाई-बहन के बीच मजेदार नोकझोंक हो, बहन नाराज होकर हाथ कमर पर रखे खड़ी हो और भाई गिफ्ट को उसके हाथ से थोड़ा दूर रखकर उसे चिढ़ा रहा हो।
5. भाई मजाक में बहन के बाल बिगाड़ रहा हो और बहन मजेदार अंदाज में नाराज दिखाई दे रही हो।
6. बहन छोटा गिफ्ट हाथ में लेकर मजाकिया अंदाज में भाई से इससे बड़ा गिफ्ट मांग रही हो।
7. दोनों भाई-बहन साथ बैठकर लड्डू जैसी पारंपरिक भारतीय मिठाई खाते हुए खुशी से मुस्कुरा रहे हों।
8. भाई-बहन एक-दूसरे को प्यार से गले लगा रहे हों और उनके आसपास छोटे-छोटे दिल बने हों।**

प्रॉम्प्ट डालने के बाद सबमिट करें। ChatGPT कुछ ही समय में आपके लिए स्टिकर तैयार कर देगा। अगर पहला रिजल्ट पसंद नहीं आता है, तो आप दोबारा निर्देश देकर चेहरे, कपड़े, पोज या डिजाइन में बदलाव भी करवा सकते हैं।

WhatsApp पर ऐसे भेजें स्टिकर्स

स्टिकर्स तैयार होने के बाद ChatGPT में उन्हें सेव करने का विकल्प मिलेगा। स्टिकर्स के नीचे चैट ऐप्स में जोड़ें का विकल्प दिखाई दे सकता है। इस पर क्लिक करने के बाद WhatsApp में जोड़ें का विकल्प चुनें।

इसके बाद WhatsApp खुलेगा। यहां अपने स्टिकर्स में जोड़ें के विकल्प पर टैप करें। ऐसा करते ही आपके बनाए हुए पर्सनलाइज्ड स्टिकर्स WhatsApp में सेव हो जाएंगे।

iPhone यूजर्स के लिए आसान तरीका

iPhone यूजर्स स्टिकर पर उंगली रखकर उसे दबाए रखें। इसके बाद दूसरी उंगली से WhatsApp खोलें और जिस चैट में स्टिकर भेजना है, उसे ओपन करें। अब चैट बॉक्स में स्टिकर पेस्ट किया जा सकता है।

WhatsApp चैट से ऐसे भेजें

WhatsApp में उस चैट को खोलें, जहां स्टिकर भेजना है। चैट बॉक्स के पास दिए गए इमोजी आइकन पर टैप करें और फिर स्टिकर्स वाले सेक्शन में जाएं। यहां आपके सेव किए हुए स्टिकर्स दिखाई देंगे। जिस स्टिकर को भेजना है, उस पर टैप करते ही वह सामने वाले को भेज दिया जाएगा।

इस तरह आप रक्षाबंधन पर अपने भाई या बहन के लिए उनकी फोटो वाले खास और पर्सनलाइज्ड स्टिकर्स तैयार कर सकते हैं। अपने चेहरे वाले इन प्यारे स्टिकर्स को देखकर आपके भाई या बहन के चेहरे पर मुस्कान जरूर आ जाएगी।