☰
×

AI ने अनपढ़ लोगों के लिए भी आसान किए डॉक्टर-वकील के काम, बस बोलकर पूछें सवाल; लेकिन इस्तेमाल करते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान

 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने आम लोगों की जिंदगी में कई बड़े बदलाव किए हैं। अब डॉक्टर से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेनी हो, वकील के नोटिस को समझना हो या खेती और सरकारी योजनाओं से जुड़ा सवाल पूछना हो, इन सबके लिए स्मार्टफोन पर AI की मदद ली जा सकती है। खास बात यह है कि इसके लिए अंग्रेजी जानना या पढ़ा-लिखा होना जरूरी नहीं है। आप अपनी भाषा में बोलकर भी सवाल पूछ सकते हैं।

हालांकि, तकनीक जितनी सुविधाजनक है, उसके इस्तेमाल में सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है। AI पर आठ किताबें लिख चुके डॉ. मनीष रंजन ने बताया कि यह तकनीक आम लोगों के लिए किस तरह मददगार बन रही है और किन परिस्थितियों में इससे सावधान रहने की जरूरत है।

AI ने अनपढ़ लोगों के लिए भी आसान किया काम

डॉ. मनीष रंजन ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह पाकुड़ में जिला कलेक्टर थे, तब एक दिन बिना किसी पूर्व सूचना के एक प्रखंड कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति लोगों की अर्जियां लिख रहा था।

लंबी कतार में खड़े लोग पेंशन फॉर्म भरवाने और राशन कार्ड के लिए आवेदन लिखवाने जैसे काम करवा रहे थे। इसके बदले उनसे हर कागज के 50 से 100 रुपये तक लिए जा रहे थे। इनमें कई ऐसे लोग भी थे, जिन्हें पढ़ना-लिखना नहीं आता था। ऐसे में उनके सामने सवाल था कि क्या अपने ही अधिकारों से जुड़ा आवेदन करवाने के लिए भी उन्हें पैसे खर्च करने पड़ने चाहिए?

आज AI इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकता है। एक सामान्य स्मार्टफोन की मदद से लोग चिट्ठी, बैंक का नोटिस या बिजली का बिल समझ सकते हैं। इसके लिए कैमरे से दस्तावेज की तस्वीर दिखाकर AI से पूछा जा सकता है- 'इसमें क्या लिखा है? आसान हिंदी में समझाओ।'

Google की सर्च लाइव जैसी सुविधाएं कैमरे के जरिए चीजों को देखकर और आवाज के माध्यम से जवाब दे सकती हैं। कंपनी के मुताबिक, उसका Gemini भोजपुरी और मैथिली समेत 25 से ज्यादा भारतीय भाषाओं और बोलियों में बातचीत करने में सक्षम है।

बोलकर पूछिए सवाल, फोटो दिखाकर समझिए जवाब

AI का सबसे उपयोगी पहलू यह है कि अब हर काम के लिए टाइप करना जरूरी नहीं है। जिन लोगों को लिखना-पढ़ना नहीं आता, वे भी अपनी आवाज में सवाल पूछकर जानकारी हासिल कर सकते हैं।

Google के मुताबिक, बोलकर और तस्वीर दिखाकर AI से जवाब जानने वाले यूजर्स की संख्या भारत में सबसे ज्यादा है। कंपनी ने 2024 में बताया था कि भारतीय भाषाओं में Gemini का इस्तेमाल करने वाले 40 फीसदी से ज्यादा लोग वॉयस के जरिए बातचीत करते हैं।

इस तकनीक से लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी, बैंक के दस्तावेज, खेती से जुड़े सवाल और रोजमर्रा की समस्याओं को अपनी भाषा में समझ सकते हैं।

हालांकि, AI खुद डॉक्टर या वकील नहीं है। यह मेडिकल रिपोर्ट और कानूनी दस्तावेज को आसान भाषा में समझाने में मदद कर सकता है, लेकिन गंभीर बीमारी का इलाज या कानूनी विवाद का अंतिम फैसला किसी योग्य विशेषज्ञ से ही लेना चाहिए।

AI का इस्तेमाल करते समय कहां सावधान रहें?

AI से हर सवाल का जवाब मिल जाना यह साबित नहीं करता कि हर जवाब सही भी होगा। कई बार यह गलत जानकारी दे सकता है या किसी स्थानीय भाषा और बोली का मतलब ठीक से नहीं समझ पाता।

डॉ. मनीष रंजन के मुताबिक, किसान ई-मित्र जैसे सरकारी चैटबॉट में भी तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। इसलिए पेंशन, बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, जमीन या कानूनी मामलों से जुड़ा कोई जरूरी फैसला लेने से पहले जानकारी की पुष्टि संबंधित सरकारी विभाग, बैंक या विशेषज्ञ से जरूर कर लें।

AI का इस्तेमाल करते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए:

  1. जरूरी जानकारी की पुष्टि करें: सरकारी योजना, बैंकिंग या कानूनी मामलों में AI के जवाब को अंतिम न मानें। संबंधित विभाग या विशेषज्ञ से जानकारी जरूर जांचें।

  2. OTP और UPI PIN साझा न करें: किसी अनजान ऐप, वेबसाइट या फोन कॉल पर OTP, UPI PIN और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी न दें।

  3. निजी दस्तावेज सोच-समझकर अपलोड करें: आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट और दूसरे संवेदनशील दस्तावेज किसी अनजान AI ऐप पर अपलोड करने से बचें।

  4. हर जवाब पर आंख बंद करके भरोसा न करें: AI कभी-कभी गलत या अधूरी जानकारी भी दे सकता है। खासकर स्वास्थ्य और कानूनी मामलों में सावधानी जरूरी है।

  5. AI से होने वाली ठगी से सतर्क रहें: AI की मदद से किसी व्यक्ति की आवाज की नकल करके भी लोगों को धोखा दिया जा सकता है। इसलिए केवल आवाज सुनकर पैसे ट्रांसफर न करें, पहले संबंधित व्यक्ति से किसी दूसरे माध्यम से पुष्टि करें।

सिर्फ 3 सेकंड की आवाज से हो सकती है नकल

AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के तरीके भी बदल रहे हैं। अब अपराधी किसी व्यक्ति की आवाज की नकल करके उसके परिचितों और परिवार वालों को फोन कर सकते हैं और पैसों की मांग कर सकते हैं।

साइबर सुरक्षा कंपनी McAfee के 2023 के एक सर्वे के मुताबिक, किसी व्यक्ति की आवाज की नकल तैयार करने के लिए सिर्फ तीन सेकंड की रिकॉर्डिंग काफी हो सकती है। सर्वे में 69 फीसदी भारतीयों ने माना कि वे असली और AI से बनाई गई आवाज के बीच अंतर नहीं कर पाते। वहीं, 47 फीसदी लोगों ने कहा कि वे खुद ऐसी ठगी का सामना कर चुके हैं या किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसके साथ ऐसा हुआ है।

इसलिए अगर किसी परिचित की आवाज में अचानक पैसों की मांग वाला फोन आए, तो जल्दबाजी में पैसे न भेजें। पहले उस व्यक्ति को उसके पुराने नंबर पर कॉल करके या किसी अन्य तरीके से पुष्टि कर लें।

AI इस्तेमाल करने के लिए बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं

डॉ. मनीष रंजन का कहना है कि AI की सबसे बड़ी ताकत यह है कि यह ज्ञान और जानकारी तक पहुंच को आसान बना रहा है। खासकर उन महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें पहले छोटी-छोटी जानकारियों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि लाखों महिलाओं को शायद अभी यह पता भी नहीं है कि उनके स्मार्टफोन में ऐसा डिजिटल सहायक मौजूद है, जो उनकी अपनी भाषा में सवालों के जवाब दे सकता है। AI को समझने और इस्तेमाल करने के लिए किसी बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं है। जो लोग पढ़ नहीं सकते, वे भी बोलकर सवाल पूछ सकते हैं।

डॉ. मनीष रंजन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आठ किताबें लिख चुके हैं। वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले के पूर्व छात्र हैं। उन्हें प्रधानमंत्री पुरस्कार और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार भी मिल चुका है। साल 2025 में उन्हें भारत के 'टॉप 25 चेंजमेकर्स' में शामिल किया गया था।

AI ने निश्चित रूप से जानकारी हासिल करने के रास्ते आसान किए हैं, लेकिन इसका सही फायदा तभी मिलेगा जब लोग इसका इस्तेमाल समझदारी और सावधानी के साथ करेंगे।