×

एनएच-44 पर अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

 

धौलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) और उससे जुड़ी सर्विस लेन पर बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। तीन दिन पहले जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कट, क्षतिग्रस्त सर्विस लेन, गड्ढों और यातायात व्यवस्था में आ रही समस्याओं का गंभीरता से अवलोकन किया। खासतौर पर सर्विस लेन की बदहाल स्थिति और अनियंत्रित कटों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर चिंता जताई गई।

अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर बिना अनुमति के अवैध कट बनाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। इसके अलावा सर्विस लेन पर जगह-जगह गड्ढे होने से स्थानीय लोगों और छोटे वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान आम लोगों ने भी अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अवैध कटों को तुरंत बंद किया जाए और सर्विस लेन की मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। साथ ही, सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। वहीं एसपी विकास सांगवान ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि एनएच-44 और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।