×

Chakka Jam today: UN की भारत को सलाह, आंदोलनकारियों के खिलाफ संयम बरतें…

 

कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच गतिरोध जारी है। इस बीच किसानों ने शनिवार को देशभर में चक्का जाम करने का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर राज्य सरकारों ने कमर कस ली है। राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने भारत सरकार से आंदोलनकारी किसानों के प्रति संयम बरतने की अपील की है। यूएन के मानवाधिकार कार्यालय ने इस बात पर जोर दिया है कि सभी के मानवाधिकारों के सम्मान में न्यायसंगत समाधान तलाशना जरूरी है।

ओचसीएचआर ने ट्वीट कर कहा कि शांतिपूर्ण एकत्र होने एवं अभिव्यक्ति के अधिकारों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन हिफाजत की जानी चाहिए। बता दें कि कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। पिछले दो महीने से पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान आंदोलन कर रहे हैं। गणतंत्र दिवस को ट्रैक्टर रैली हिंसा के बाद अब किसानों ने आंदोलन को धार देने के लिए आज तीन घंटे का देशव्यापी चक्का जाम बुलाया है। इस चक्का जाम का विपक्षी पार्टियों ने खुलकर समर्थन किया है।

इसका असर दिल्ली में नहीं होगा फिर भी एहतियात के तौर पर 50 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 12 मेट्रो स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है। राकेश टिकैत ने कहा कि 6 फरवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने देशभर के किसानों से और आम जनता से भी अपील की है कि किसानों के समर्थन में इस चक्का जाम में शामिल हों।