☰
×

'तुझसे पैसे लूंगा', रोहित शेट्टी-ऋतिक रोशन समेत तमाम सितारों ने याद किया नाना पाटेकर संग खास रिश्ता

 

मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से हिंदी सिनेमा के कलाकारों के बीच शोक की लहर है। उनके साथ काम कर चुके कलाकार भावुक होकर उन्हें याद कर रहे हैं। किसी ने उनके अभिनय को प्रेरणा बताया, तो किसी ने उनके बेबाक अंदाज को याद किया।

डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने लिखा, ''प्यारे दादा, मुझे आपके देर रात के कॉल्स की याद आएगी। कोई हैलो नहीं और कोई फॉर्मैलिटी नहीं, बस एक सीधा सवाल, 'ऐ शेट्टी, क्या कर रहा है?' और मैं जानबूझकर बोलता था- 'कौन बोल रहा है?', ताकि आपको चिढ़ा सकूं और इसके बदले में आप जवाब में कहते- 'साले, नाना बोल रहा हूं।' मेरी रिलीज के बाद, आप मेरे सबसे बड़े और सबसे ईमानदार क्रिटिक्स में से एक थे। आपने कभी किसी चीज को शुगर-कोट नहीं किया।''

रोहित शेट्टी ने लिखा, ''यह फिल्म वाली तूने अच्छी बनाई… यह फिल्म मुझे अच्छी नहीं लगी, यह फिल्म सुपरहिट है, इस फिल्म को तुमने हिट बनाने की कोशिश की है और फिर, अपने अंदाज में, आप मुझे याद दिलाते- 'अबे, तू खुद स्टार है… तुझे इतने स्टार्स की जरूरत नहीं है।' मैं कभी नहीं भूलूंगा जब आपने 'गोलमाल अगेन' में कैमियो किया था। मैंने आपसे पूछा, 'दादा, आपकी फीस?' और आपने मेरी तरफ देखा और कहा, 'तुझसे पैसे लूंगा? एक अनाथाश्रम का नंबर देता हूं, वहां डोनेट कर दे।' वो आप थे दादा। सीधे, दिलदार और बिना फिल्टर के.. हमेशा सच्चे इंसान। मुझे आपका शेट्टी कहलाना याद आएगा। आपकी याद आएगी दादा।''

अभिनेता ऋतिक रोशन ने नाना पाटेकर को याद करते हुए एक्स पर पोस्ट में लिखा, ''आपने दर्शकों को ऐसा सिनेमा दिया, जिसमें सच्चाई और मनोरंजन दोनों का खास मेल था। आपके दमदार अभिनय, सहज हास्य और ऐसे किरदार, जिन्हें भुलाना मुश्किल है, हमेशा कलाकारों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। बचपन में पर्दे पर नाना पाटेकर की प्रतिभा को देखते हुए बड़ा होना मेरे लिए किसी अभिनय की पाठशाला से कम नहीं था। नाना के परिजनों और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं है। ओम शांति।''

अभिनेता सुनील शेट्टी ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, ''अब नाना पाटेकर जैसे लोग देखने को नहीं मिलते। उनकी सादगी और जमीन से जुड़े रहने की खूबी अलग थी। वह जितना ऊंचे थे, उतना ही अपने मूल से जुड़े भी रहे और कभी खुद को बदलने की कोशिश नहीं की। वह बेहद ईमानदार और अपने काम में माहिर थे। उनमें किसी तरह का दिखावा नहीं था। वह बेहद सादगी से जीवन जीते थे। उनके जैसा दूसरा कोई नहीं था और आगे भी उनके जैसा कलाकार मिलना मुश्किल है। उनके बिना सिनेमा पहले जैसा नहीं रहेगा।''

अभिनेता संजय कपूर ने नाना पाटेकर के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए लिखा, ''नाना पाटेकर का जाना केवल फिल्म जगत का बड़ा नुकसान नहीं बल्कि मेरे लिए बेहद निजी क्षति भी है। नाना मेरे लिए दोस्त और बड़े भाई जैसे थे, जिन्होंने हमेशा मुझे छोटे भाई की तरह स्नेह दिया। मेरे अभिनय जीवन की शुरुआत उनके साथ हुई। फिल्म 'राजा' में नाना ने मेरे बड़े भाई की भूमिका निभाई थी और इस दौरान मुझे उनके साथ करीब सात से आठ दिन तक काम करने का मौका मिला था।''

उन्होंने कहा, ''इसके बाद हमने फिल्म 'शक्ति' में भी साथ काम किया। हाल में रिलीज हुई फिल्म 'संकल्प' में भी हमने दोबारा साथ काम किया था। उनके साथ मेरा रिश्ता कई सालों तक चला और इस दौरान उनके साथ बिताए गए कई खूबसूरत पल हमेशा मेरी यादों में रहेंगे। मैं इन यादों को हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगा।''

सिंगर मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, ''आज बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए बहुत दुख का दिन है। हमने एक सच्चे लेजेंड और एक बेहतरीन एक्टर नाना पाटेकर को खो दिया है। मैं नाना पाटेकर का बहुत बड़ा फैन तब से हूं जब मैंने उनकी पहली मूवी 'परिंदा' देखी थी और तभी से मैं उनके जबरदस्त टैलेंट का फैन बन गया। उन्होंने हमें कई यादगार परफॉर्मेंस दीं और हम 'वेलकम' को कैसे भूल सकते हैं, जो अब तक की सबसे एंटरटेनिंग फिल्मों में से एक है।'' उन्होंने लिखा, ''मैं इस नुकसान से सच में हैरान और बहुत दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उन्हें हमेशा के लिए शांति दे। हम आपसे प्यार करते हैं, नाना पाटेकर जी। आपको हमेशा याद किया जाएगा।''

--आईएएनएस

पीके/पीएम