शादी की खबरें फिर चर्चा में, वीडियो में जाने वाई जी महेंद्रन के दावे से बढ़ी हलचल
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सीईओ काव्या मारन की कथित शादी को लेकर एक बार फिर अटकलों का दौर तेज हो गया है। इस बार चर्चा तब बढ़ी जब तमिल एक्टर वाई जी महेंद्रन ने एक इंटरव्यू में दोनों के रिश्ते को लेकर बड़ा दावा किया।
तमिल चैनल KPTV को दिए इंटरव्यू में वाई जी महेंद्रन ने कहा कि उन्हें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार अनिरुद्ध और काव्या मारन की शादी “पक्की” है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों की जोड़ी काफी अच्छी लगती है और वे अनिरुद्ध को बधाई देना चाहते हैं। महेंद्रन ने अनिरुद्ध की तारीफ करते हुए उन्हें शांत स्वभाव का बताया और कहा कि वे जल्द ही एक बड़ी शादी करने जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने शादी की तारीख या स्थान को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की।
इस पूरे मामले पर अभी तक न तो अनिरुद्ध रविचंदर और न ही काव्या मारन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। ऐसे में यह खबर फिलहाल अटकलों के दायरे में ही मानी जा रही है।सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस कथित रिश्ते और शादी की खबरों को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं।