शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ में दिखे दो सांप, फुटेज में देंखे रेस्क्यू टीम ने एक को पकड़ा; दूसरा अब भी लापता
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के मुंबई स्थित मशहूर बंगले ‘मन्नत’ में सांप मिलने से हड़कंप मच गया। 17 अगस्त को बंगले के लॉन में दो सांप दिखाई दिए, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने एक सांप को सुरक्षित पकड़ लिया, जबकि दूसरा सांप अब भी बंगले के परिसर में मौजूद बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे एक स्नेक रेस्क्यूअर को मन्नत के अंदर दो सांप दिखाई देने की सूचना दी गई। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने बंगले में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान एक सांप को पकड़ने में सफलता मिली।
8 फीट लंबे धामन सांप का हुआ रेस्क्यू
रेस्क्यू किए गए सांप की लंबाई करीब 8 फीट बताई जा रही है। जांच के बाद उसकी पहचान धामन सांप के रूप में हुई, जिसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है। यह सांप जहरीला नहीं होता है और आमतौर पर चूहों समेत छोटे जीवों का शिकार करता है।रेस्क्यू टीम के मुताबिक, यह सांप बंगले परिसर में एक सीढ़ी के नीचे छिपा हुआ था। टीम ने सावधानीपूर्वक उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
दूसरा सांप अब भी तलाश में
हालांकि रेस्क्यू अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो पाया। परिसर में लोगों की आवाजाही शुरू होने के बाद दूसरा सांप वहां से निकलकर किसी जगह छिप गया। देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।सांप के जहरीला नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद मन्नत के सुरक्षा गार्ड और स्टाफ ने राहत की सांस ली। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए बंगले में निगरानी बढ़ा दी गई है और दूसरे सांप की तलाश जारी है।
मुंबई की पहचान बन चुका है ‘मन्नत’
शाहरुख खान के बंगले का आधिकारिक नाम ‘मन्नत लैंड्स एंड’ है। यह मुंबई के बांद्रा इलाके के बैंडस्टैंड क्षेत्र में समुद्र के सामने स्थित है। अपनी भव्यता और लोकेशन के कारण यह बंगला मुंबई की मशहूर जगहों में शामिल हो चुका है।शाहरुख खान के फैंस अक्सर अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए मन्नत के बाहर जमा होते हैं। खास मौकों पर बंगले के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ देखने को मिलती है।मन्नत में सांप मिलने की घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि पकड़ा गया सांप जहरीला नहीं था और किसी तरह के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। अब सुरक्षा टीम की नजर परिसर में मौजूद दूसरे सांप को पकड़ने पर है।