टीवी की दुनिया से तंग संदीप सिकंद लाएंगे ऑमलेट, शेयर किया काम का अनुभव
मुंबई, 17 सितंबर (आईएएनएस)। 'ये है मोहब्बतें,' 'फुलवा' और 'बंदिनी' जैसे पॉपुलर टीवी शोज का हिस्सा रह चुके अभिनेता संदीप सिकंद जल्द ही निर्देशित शॉर्ट फिल्म 'ऑमलेट' लेकर आ रहे हैं। अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वे टेलीविजन की दुनिया से तंग आ चुके हैं।
अभिनेता ने कहा, "टेलीविजन से परेशानी यह है कि शो अक्सर टिकने के लिए स्ट्रगल करते हैं और हम एक जैसी कहानियां सुनाते रहते हैं। मुख्य समस्या यह है कि शो चलेगा और रेवेन्यू जेनरेट करेगा या नहीं। कैरेक्टर्स का क्या होता है या कहानी कैसे डेवलप होती है। यह कभी-कभी सेकेंडरी हो जाता है। मैं उस पूरे माहौल से थोड़ा तंग आ गया हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि किसी भी मीडियम की लाइफलाइन स्टोरीटेलिंग है।"
उन्होंने 'ऑमलेट' के बारे में बताया, "यह एक मैच्योर कहानी है, जो एक रिलेशनशिप के बारे में है। यह थोड़ी कॉम्प्लेक्स और अनकन्वेंशनल है। मुझे लगता है कि टेलीविजन अभी अनकन्वेंशनल स्टोरीटेलिंग को एक्सप्लोर करने में हिचकिचाता है। मेरा मानना है कि ऑडियंस और एंटरटेनमेंट देखने वाला हर कोई नई और अनकन्वेंशनल कहानियां देखना चाहता है, लेकिन टेलीविजन कहीं अटका हुआ है और वह यह कदम उठाने को तैयार नहीं है तो मुझे लगा कि यह कहानी टेलीविजन पर बताना नामुमकिन है। इसीलिए मैंने एक फिल्म बनाने का फैसला किया।"
उन्होंने आगे कहा, "हमने इसे लगभग आधे घंटे की एक शॉर्ट फिल्म के तौर पर बनाया है। मैंने इसे कुछ करीबी दोस्तों को दिखाया है और उन्हें यह बहुत पसंद आई। फीडबैक हौसला बढ़ाने वाला रहा है तो आखिरकार ऑमलेट तैयार है।"
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने शॉर्ट फिल्म ऑमलेट के साथ स्टोरीटेलिंग पर काम किया है। उन्होंने कहा, "मैंने स्टोरीटेलिंग और ऑडियंस को प्रायोरिटी पर रखा है क्योंकि मुझे पूरा यकीन है कि ऑडियंस कुछ अलग देखना पसंद करती है, न कि कुछ ऐसा जो आम हो। ऑमलेट की कहानी में इतने ट्विस्ट और टर्न है, मुझे लगता है कि यही इसे एक बहुत अच्छी फिल्म बनाता है।"
--आईएएनएस
एनएस/वीसी