Toxic Box Office Collection: पहले हफ्ते में फीकी पड़ी Yash की फिल्म, 7वें दिन कमाए इतने करोड़
यश की पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘टॉक्सिक’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक सप्ताह पूरा हो गया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले दिन शानदार कमाई की थी, लेकिन इसके बाद कलेक्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली। कमजोर कहानी और निगेटिव रिव्यू का असर फिल्म की कमाई पर साफ दिखाई दे रहा है।
मंडे को फिल्म की कमाई सिंगल डिजिट में पहुंच गई थी। हालांकि, रिलीज के सातवें दिन यानी मंगलवार को कलेक्शन में मामूली सुधार देखने को मिला।
सातवें दिन ‘टॉक्सिक’ ने कितना कमाया?
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के सातवें दिन करीब 8.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म की भारत में सात दिनों की कुल नेट कमाई करीब 229.95 करोड़ रुपये हो गई है।
फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। इसके बाद दूसरे दिन कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई। तीसरे दिन 27.20 करोड़, चौथे दिन 25.15 करोड़, पांचवें दिन 23 करोड़ और छठे दिन 7.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ।
इस तरह शुरुआती जोरदार शुरुआत के बाद फिल्म की रफ्तार लगातार धीमी होती गई।
पहले हफ्ते में इन फिल्मों को छोड़ा पीछे
कमाई में गिरावट के बावजूद ‘टॉक्सिक’ ने पहले हफ्ते के कलेक्शन के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। करीब 229.95 करोड़ रुपये के साथ यह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले सप्ताह में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में 13वें स्थान पर पहुंच गई है।
बॉलीवुड हंगामा के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले हफ्ते की कमाई में ‘सुल्तान’, ‘छावा’, ‘धुरंधर’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
‘टॉक्सिक’ ने किन फिल्मों को पछाड़ा?
पहले हफ्ते के कलेक्शन के मामले में ‘टॉक्सिक’ ने कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ा है:
सुल्तान – 229.16 करोड़ रुपये
छावा – 225.28 करोड़ रुपये
धुरंधर – 218 करोड़ रुपये
टाइगर जिंदा है – 206.04 करोड़ रुपये
संजू – 202.51 करोड़ रुपये
दंगल – 197.54 करोड़ रुपये
धूम 3 – 188.99 करोड़ रुपये
टाइगर 3 – 188.25 करोड़ रुपये
सिंघम अगेन – 186.60 करोड़ रुपये
बजरंगी भाईजान – 184.62 करोड़ रुपये
स्टार पावर के सहारे आगे बढ़ रही फिल्म
‘टॉक्सिक’ की कमाई में लगातार गिरावट के बावजूद फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में बनी हुई है। यश की बड़ी फैन फॉलोइंग और स्टार पावर फिल्म के लिए सबसे बड़ा सहारा साबित हो रही है।
अब फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती दूसरे सप्ताह में दर्शकों को सिनेमाघरों तक बनाए रखना है। अगर कमाई में फिर बड़ी गिरावट आती है तो फिल्म के लिए 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना मुश्किल हो सकता है।
क्या है ‘टॉक्सिक’ की कहानी?
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा है। फिल्म की कहानी पुर्तगाली शासन वाले गोवा की पृष्ठभूमि में सेट है और इसमें एक ताकतवर गैंगस्टर के उभार और पतन को दिखाया गया है।
फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में नजर आती हैं। फिल्म को सेंसर बोर्ड से ‘A’ सर्टिफिकेट मिला है और इसे बिना किसी कट के रिलीज की मंजूरी दी गई थी।
अब देखना होगा कि दूसरे सप्ताह में ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार वापस हासिल कर पाती है या इसकी कमाई में गिरावट का सिलसिला जारी रहता है।