×

Netflix पर नंबर 2 बनी ये 6-एपिसोड की सीरीज, देशभक्ति का हर डायलॉग वायरल

 

नेटफ्लिक्स पर हर हफ्ते कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन इस समय एक भारतीय मिलिट्री ड्रामा सीरीज दुनियाभर में खूब चर्चा बटोर रही है। 6 एपिसोड की यह सीरीज देश के वीर जवानों और भारतीय वायुसेना के जांबाजों की कहानी को पर्दे पर दिखाती है। खास बात यह है कि यह सीरीज Netflix Global Top 10 Non-English की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है और करीब 40 देशों में टॉप-10 में अपनी जगह बना चुकी है।

40 देशों में छाई 'ऑपरेशन सफेद सागर'

हम बात कर रहे हैं 'ऑपरेशन सफेद सागर' की। यह एक मिलिट्री ड्रामा सीरीज है, जो 7 अगस्त 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। इसमें सिद्धार्थ, जिम्मी शेरगिल, अभय वर्मा, दिया मिर्जा, आदिल हुसैन और मनु ऋषि चड्ढा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

कारगिल युद्ध की कहानी दिखाती है सीरीज

'ऑपरेशन सफेद सागर' की कहानी 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन यानी नंबर 17 स्क्वाड्रन के इर्द-गिर्द घूमती है। सीरीज में उस दौर की चुनौतियों, जांबाज पायलटों के साहस और देश की रक्षा के लिए उनके समर्पण को दिखाया गया है।

सीरीज में भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक लड़ाकू विमान MiG-21 को भी खास जगह दी गई है। इसे 'उड़ती शमशीर' के रूप में पेश किया गया है। इसके अलावा फ्लाइट कमांडर अजय आहूजा, एयर मार्शल विनोद पाटनी और पाकिस्तान के तत्कालीन जनरल परवेज मुशर्रफ जैसे ऐतिहासिक किरदारों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।

MiG-21 पर लिखी कविता ने बटोरी तारीफ

सीरीज में एक कविता भी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस कविता को मशहूर कवि आलोक श्रीवास्तव ने भारतीय वायुसेना के MiG-21 को समर्पित करते हुए लिखा है। कविता की पंक्तियां हैं—

"अर्जुन का तीर था,
उड़ती शमशीर था,
तेवर से सूर्य था,
वायु रणवीर था…"

इस कविता को अभिनेता शरद केलकर ने अपनी आवाज दी है। कविता में MiG-21 की ताकत और भारतीय वायुसेना के साथ उसके लंबे सफर को श्रद्धांजलि दी गई है।

आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि यह कविता भारतीय वायुसेना के उस जांबाज लड़ाकू विमान को सलाम है, जिसने छह दशकों से भी ज्यादा समय तक भारत की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है और शरद केलकर की आवाज में कविता को मिल रही प्रतिक्रिया से वह बेहद खुश हैं।

'ऑपरेशन सफेद सागर' की लोकप्रियता यह दिखाती है कि भारतीय सेना और देश के वीर जवानों की कहानियों को दर्शक न सिर्फ भारत में, बल्कि दुनियाभर में भी पसंद कर रहे हैं।