'दुल्हनिया ले आएगी' का ट्रेलर रिलीज, वीडियो में जाने कॉमेडी और शादी के धमाल से भरपूर होगी फैमिली एंटरटेनर; 24 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक
निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और शादी की भागदौड़ का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। फिल्म को एक हल्की-फुल्की फैमिली एंटरटेनर के रूप में पेश किया गया है, जिसमें हंसी, इमोशंस और कई मजेदार ट्विस्ट दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
स्टारकास्ट में कई दमदार कलाकार
फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पीयूष मिश्रा जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, मॉडल और अभिनेत्री लारिसा बोन्सी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।लारिसा बोन्सी हाल के दिनों में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर चर्चा में रही हैं। हालांकि, इस संबंध को लेकर किसी भी पक्ष ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके सामने समय की बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। इसी डेडलाइन के बीच उसकी जिंदगी में कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है और शुरू होता है दूल्हे की तलाश का मजेदार सफर।गलतफहमियां, पारिवारिक उलझनें, शादी की तैयारियां और हास्य से भरपूर घटनाक्रम कहानी को दिलचस्प बनाते हैं। ट्रेलर से साफ संकेत मिलते हैं कि फिल्म में कॉमेडी के साथ भावनात्मक पल भी देखने को मिलेंगे।
24 जुलाई को होगी रिलीज
सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित 'दुल्हनिया ले आएगी' 24 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।निर्माताओं का दावा है कि फिल्म हर उम्र के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है और यह पारिवारिक मनोरंजन का पूरा पैकेज साबित होगी।
ट्रेलर को मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। शादी के रंग, पारिवारिक माहौल, हास्य और रोमांस से भरपूर कहानी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 24 जुलाई को रिलीज के बाद 'दुल्हनिया ले आएगी' बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।