Prabhas की ‘फौजी’ का टीजर रिलीज, 1932 से ब्रिटिश हुकूमत के लिए बना सिरदर्द; इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
साउथ सुपरस्टार प्रभास के जन्मदिन पर उनकी आगामी फिल्म ‘फौजी’ के मेकर्स ने फैंस को खास तोहफा दिया है। फिल्म का दमदार टीजर जारी किया गया है, जिसमें प्रभास ब्रिटिश शासन के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले एक निडर सैनिक के रूप में नजर आ रहे हैं। टीजर में जबरदस्त एक्शन, गोलीबारी और देशभक्ति से भरे संवादों की झलक दिखाई गई है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
‘फौजी’ के टीजर में दिखा प्रभास का विद्रोही अंदाज
करीब 2 मिनट 31 सेकंड के टीजर में फिल्म की कहानी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पेश की गई है। इसकी शुरुआत बर्लिन में एडोल्फ हिटलर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बीच बातचीत के संदर्भ से होती है, जिसमें भारत में ब्रिटिश शासन के अत्याचारों का जिक्र किया गया है। इसके बाद कहानी एक ऐसे भारतीय सैनिक की ओर बढ़ती है, जो अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ खड़ा होकर उनके लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
टीजर में प्रभास का किरदार कोलकाता में तैनात एक सैनिक के रूप में दिखाया गया है। वह अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। मेकर्स ने उनके किरदार को ‘भारत का सबसे बड़ा बागी सैनिक’ बताया है, जो वर्ष 1932 से ब्रिटिश अधिकारियों की नजर में वांटेड है।
दमदार डायलॉग ने खींचा ध्यान
फिल्म के टीजर में एक्शन के साथ प्रभास के आक्रामक अंदाज को भी प्रमुखता दी गई है। अंत में उनका वॉयस ओवर सुनाई देता है, जिसमें वह कहते हैं, “अबे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून बहा दूंगा और आजादी भी छीन लूंगा।” इस संवाद के साथ टीजर में उनके विद्रोही तेवर देखने को मिलते हैं।
टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर कर रहे हैं। कई यूजर्स ने प्रभास के सैनिक अवतार की तारीफ की है और फिल्म के रिलीज होने का इंतजार जताया है।
19 मार्च 2027 को रिलीज होगी ‘फौजी’
हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही ‘फौजी’ की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टीजर के साथ जारी संदेश में इसे ‘डिक्लासिफाइड फाइल नंबर 25’ के तौर पर पेश किया गया है।
मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही फिल्म
‘फौजी’ का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले किया जा रहा है, जबकि टी-सीरीज फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म के निर्माता नवीन येरनेनी, वाई रवि शंकर और भूषण कुमार हैं। प्रभास के इस नए अवतार और आजादी से पहले के दौर पर आधारित कहानी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।