☰
×

'द पैराडाइज' की ताबड़तोड़ कमाई जारी, 1 बजे तक 65 करोड़ का आंकड़ा पार; 'द वन' का जानें शनिवार का कलेक्शन

 

सिनेमाघरों में इस समय सिद्धार्थ मल्होत्रा-तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' (The Vvaan) और नानी स्टारर 'द पैराडाइज' (The Paradise) के बीच बॉक्स ऑफिस मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों फिल्मों ने रिलीज के शुरुआती दिनों में अलग-अलग तरह का प्रदर्शन किया है।जहां 'द वन' ने पहले दिन सिंगल डिजिट में कमाई की, वहीं नानी की 'द पैराडाइज' ने पहले दिन डबल डिजिट में कलेक्शन किया था। हालांकि दूसरे दिन 'द पैराडाइज' की कमाई में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अब शनिवार यानी 26 सितंबर को दोनों फिल्मों की कमाई और ऑक्यूपेंसी के शुरुआती आंकड़े सामने आए हैं।

'द वन' का शनिवार का कलेक्शन

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर 'द वन' पौराणिक लोककथाओं से प्रेरित फिल्म है। फिल्म ने शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी और पहले दिन करीब 8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 9.20 करोड़ रुपये रहा।अब फिल्म के दूसरे दिन यानी शनिवार के शुरुआती आंकड़ों की बात करें तो दोपहर 1 बजे तक 'द वन' ने करीब 2.11 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था। इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 19 फीसदी दर्ज की गई।शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का कुल नेट कलेक्शन फिलहाल 10.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि दिन खत्म होने तक इसमें और इजाफा होना तय है।

'द पैराडाइज' ने पहले दिन की थी शानदार शुरुआत

अब बात करते हैं नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' की। यह फिल्म 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज से पहले हुए पेड प्रीव्यू में फिल्म ने करीब 11.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

इसके बाद पहले दिन फिल्म ने करीब 34.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। लेकिन दूसरे दिन यानी शुक्रवार को इसकी कमाई में 50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली और फिल्म ने करीब 14.90 करोड़ रुपये कमाए।

शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में फिर से तेजी की उम्मीद है। दोपहर 1 बजे तक सामने आए शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 'द पैराडाइज' ने करीब 4.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 23.8 फीसदी रही।

इन शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का कुल नेट कलेक्शन करीब 65.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

किस फिल्म की कितनी कमाई?

फिलहाल शुरुआती आंकड़ों में 'द पैराडाइज' कमाई के मामले में 'द वन' से काफी आगे दिखाई दे रही है। हालांकि शनिवार का पूरा दिन बाकी है और रात तक दोनों फिल्मों के कलेक्शन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि ये आंकड़े शुरुआती बॉक्स ऑफिस अनुमान हैं। दिन के अंत में कलेक्शन बढ़ सकता है और रात करीब 10:30 बजे के बाद फाइनल आंकड़े सामने आने की उम्मीद रहती है।

'द वन' में कौन-कौन है?

'द वन' का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा अनूप सोनी, श्वेता तिवारी, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।

नानी की 'द पैराडाइज' की कहानी क्या है?

'द पैराडाइज' में नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। इससे पहले दोनों 'दसारा' में साथ काम कर चुके हैं।

फिल्म का निर्माण सुधाकर चेरुकुरी ने किया है और इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। फिल्म की कहानी 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें 'सवारी' नाम के एक समुदाय के संघर्ष और उसकी कहानी को दिखाया गया है।

अब देखना होगा कि शनिवार की पूरी कमाई के बाद 'द वन' और 'द पैराडाइज' में से कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर पाती है।