'बिग बॉस 20' का पहला प्रोमो रिलीज, सलमान खान की दमदार वापसी; फुटेज में देंखे 'करण-अर्जुन' वाले डायलॉग ने बढ़ाया सस्पेंस
टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेकर्स ने शो का पहला प्रोमो जारी कर दिया है, जिसमें बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर होस्ट के रूप में नजर आ रहे हैं। प्रोमो में सलमान ने फिल्म 'करण-अर्जुन' का जिक्र कर ऐसा सस्पेंस खड़ा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मेकर्स के अनुसार, 'बिग बॉस 20' का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर को होगा। शो का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर हर दिन रात 9 बजे, जबकि कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे किया जाएगा।
प्रोमो में दिखा अलग अंदाज
जारी किए गए प्रोमो में सलमान खान एक घोड़े के साथ चलते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो के आखिर में वह कहते हैं,
"जो करण-अर्जुन में हुआ था, वह अब बिग बॉस में दोबारा होगा... तथास्तु!"
सलमान के इस संवाद ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान का मतलब स्पष्ट नहीं किया, जिससे शो को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं।
शाहरुख खान की एंट्री की अटकलें
प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है कि 'करण-अर्जुन' के संदर्भ का संबंध कहीं बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से तो नहीं है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ग्रैंड प्रीमियर एपिसोड में शाहरुख खान, सलमान के साथ मंच साझा कर सकते हैं।हालांकि, मेकर्स या शाहरुख खान की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जोड़ियों में खेल या दो विजेता?
शो को लेकर एक और चर्चा यह है कि इस बार प्रतियोगी जोड़ियों में खेलते नजर आ सकते हैं। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि इस सीजन में दो विजेता घोषित किए जा सकते हैं।हालांकि, इन सभी दावों पर मेकर्स ने अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। ऐसे में इन्हें फिलहाल अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।
एक साथ आएंगे छह भाषाओं के संस्करण
इस बार 'बिग बॉस' का नया सीजन फेस्टिव सीजन को ध्यान में रखते हुए खास अंदाज में लॉन्च किया जा रहा है। मेकर्स ने घोषणा की है कि शो के छह अलग-अलग भाषाओं के संस्करण लगभग एक साथ रिलीज किए जाएंगे, जिससे देशभर के दर्शकों को एक साथ नया मनोरंजन मिलेगा।सलमान खान की होस्टिंग, प्रोमो में दिया गया रहस्यमयी संकेत और शो के नए फॉर्मेट को लेकर उठ रही चर्चाओं ने 'बिग बॉस 20' को प्रीमियर से पहले ही सुर्खियों में ला दिया है। अब दर्शकों की नजर 6 सितंबर को होने वाले ग्रैंड प्रीमियर पर टिकी है, जहां इन सभी सवालों से पर्दा उठने की उम्मीद है।