52 साल पुरानी हॉरर कहानी फिर मचाएगी खौफ, Prime Video पर आ रही ‘Carrie’, जानिए कब होगी रिलीज
हॉरर की दुनिया में स्टीफन किंग का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है। उनकी 1974 में प्रकाशित पहली किताब ‘Carrie’ ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई और इसके बाद उनकी कई कहानियों और उपन्यासों पर फिल्में और सीरीज बनती रही हैं।अब इसी चर्चित कहानी को एक बार फिर नए अंदाज में पर्दे पर लाया जा रहा है। इस बार माइक फ्लैनगन स्टीफन किंग की ‘Carrie’ को आठ एपिसोड वाली सीरीज के रूप में लेकर आ रहे हैं। Prime Video पर यह सीरीज 7 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी और इसके सभी आठ एपिसोड एक साथ स्ट्रीम किए जाएंगे।
पहली बार सीरीज के रूप में दिखेगी ‘Carrie’
‘Carrie’ स्टीफन किंग के डेब्यू नॉवेल पर आधारित पहला टीवी सीरीज अडैप्टेशन है। इससे पहले इस कहानी पर 1976 में ब्रायन डे पाल्मा की चर्चित फिल्म बन चुकी है।
माइक फ्लैनगन ने इस बार कहानी को सिर्फ पुराने वर्जन की तरह दोहराने के बजाय आधुनिक दौर के हिसाब से नए अंदाज में पेश किया है। कहानी में सोशल मीडिया, वायरल बुलिंग और स्कूल में होने वाली क्रूरता जैसे मुद्दों को भी शामिल किया गया है।
क्या है ‘Carrie’ की कहानी?
कहानी की मुख्य किरदार कैरी व्हाइट लंबे समय तक अपनी मां मार्गरेट के साथ घर में एक तरह से अलग-थलग जिंदगी जीती है। पिता की अचानक मौत के बाद कैरी को पब्लिक हाई स्कूल की दुनिया में कदम रखना पड़ता है।
यहां उसे स्कूल के दूसरे बच्चों की बुलिंग और सोशल मीडिया के दबाव का सामना करना पड़ता है। इसी दौरान कैरी के अंदर छिपी टेलीकाइनेटिक शक्तियां यानी बिना छुए चीजों को नियंत्रित करने की क्षमता सामने आने लगती है।
जैसे-जैसे स्कूल में उसके साथ होने वाली घटनाएं बढ़ती हैं, उसकी शक्तियां भी मजबूत होती जाती हैं। कहानी धीरे-धीरे उस भयावह मोड़ की तरफ बढ़ती है, जहां कैरी के साथ हुई क्रूरता के परिणाम बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
कौन निभा रहा है कैरी का किरदार?
सीरीज में Summer H. Howell कैरी व्हाइट की भूमिका निभा रही हैं। स्टीफन किंग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इस किरदार के लिए करीब 1,500 कलाकारों ने ऑडिशन दिया था, जिसके बाद समर को चुना गया।
कैरी की मां मार्गरेट व्हाइट का किरदार Samantha Sloyan निभा रही हैं। सीरीज की अन्य प्रमुख कास्ट में Siena Agudong, Alison Thornton, Joel Oulette, Josie Totah, Arthur Conti, Amber Midthunder और Matthew Lillard शामिल हैं।
माइक फ्लैनगन ने संभाली है बड़ी जिम्मेदारी
सीरीज के शो रनर, लेखक और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर माइक फ्लैनगन हैं। वह आठ में से चार एपिसोड खुद डायरेक्ट कर रहे हैं। बाकी एपिसोड Kate Siegel, Axelle Carolyn, Kyra Sedgwick और Hiromi Kamata ने निर्देशित किए हैं।
खास बात यह है कि स्टीफन किंग भी सीरीज के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।
पुरानी कहानी, लेकिन डर का नया अंदाज
नई ‘Carrie’ का सबसे बड़ा बदलाव इसका आधुनिक बैकड्रॉप है। 1974 की कहानी में जिस सामाजिक क्रूरता और स्कूल बुलिंग को दिखाया गया था, नए वर्जन में उसके साथ सोशल मीडिया और वायरल बुलिंग को जोड़ा गया है।
यानी कहानी भले ही करीब पांच दशक पुरानी हो, लेकिन नए वर्जन में कैरी की परेशानी को आज के डिजिटल दौर से जोड़ने की कोशिश की गई है। सीरीज में यह भी दिखाया जाएगा कि लगातार होने वाली क्रूरता और दबाव एक किशोरी के व्यवहार और उसकी शक्तियों को किस तरह प्रभावित करते हैं।
कब और कहां देख पाएंगे?
‘Carrie’ 7 अक्टूबर 2026 से Prime Video पर स्ट्रीम होगी। खास बात यह है कि दर्शकों को हर हफ्ते नए एपिसोड का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके सभी 8 एपिसोड एक ही दिन रिलीज किए जाएंगे।
Prime Video के मुताबिक, सीरीज 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध होगी।
स्टीफन किंग की 1974 की क्लासिक कहानी अब सोशल मीडिया के दौर में नए रूप में लौट रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि माइक फ्लैनगन की यह नई ‘Carrie’ पुरानी कहानी को कितने अलग और डरावने अंदाज में पेश करती है।