×

तेजस्वी प्रकाश से पुराने मतभेद पर सुरभि चंदना बोलीं, गलतफहमियों को लंबा नहीं खींचना चाहिए

 

मुंबई, 16 अगस्त (आईएएनएस)। टीवी की दुनिया में सुरभि चंदना और तेजस्वी प्रकाश दोनों ही जाना-पहचाना नाम हैं। दोनों अभिनेत्रियों के बीच कुछ समय पहले एक विवाद की खबरों ने खूब ध्यान खींचा था। अब सुरभि ने पहली बार इस पुराने मतभेद और तेजस्वी के साथ अपने रिश्ते को लेकर कुछ खुलकर बातें की। आईएएनएस से खास बातचीत में अभिनेत्री ने बताया कि हमारी दोस्ती काफी पुरानी है। इंडस्ट्री में रिश्तों में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है, लेकिन जरूरी यह है कि लोग बात करके चीजों को सुलझाएं और आगे बढ़ें।

इंडस्ट्री में कलाकारों के एक-दूसरे को सपोर्ट करने की जरूरत पर बात करते हुए सुरभि ने कहा, ''इंडस्ट्री के लोग अक्सर अच्छे माहौल, स्वस्थ कामकाज और वर्क एथिक्स की बात करते हैं। इन बातों को सिर्फ कहने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि कलाकारों को वास्तव में एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए और एक-दूसरे की उपलब्धियों की सराहना भी करनी चाहिए।''

आईएएनएस से बात करते हुए सुरभि ने अपनी प्रोडक्शन डेब्यू सीरीज 'इश्क दम और इडली रसम' का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके कई पुराने को-स्टार्स इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बने हैं। इन कलाकारों के साथ मेरा रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं है, बल्कि सालों पुरानी दोस्ती भी है। जब मैंने अपना शो के लिए पुराने दोस्तों को खुद फोन किया और उनसे इसमें काम करने के लिए कहा, तो वह तुरंत राजी हो गए।''

सुरभि ने कहा, ''काम के दौरान रिश्तों में कभी-कभी उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कलाकारों के बीच किसी बात को लेकर गलतफहमी या मतभेद होना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन उसे लंबे समय तक बनाए रखना सही नहीं है।''

सुरभि ने कहा, ''तेजस्वी के साथ मेरा रिश्ता अब भी बना हुआ है। मैं तेजस्वी की बर्थडे पार्टी में शामिल हुई थी। वह भी मेरे शो की सक्सेस पार्टी में आई थीं। हम दोनों एक-दूसरे को काफी लंबे समय से जानती हैं। हमारा रिश्ता उस समय से है, जब तेजस्वी ने ज्यादा शोज नहीं किए थे। हमारे पास एक-दूसरे के नंबर हैं और हम इंस्टाग्राम पर भी एक-दूसरे को फॉलो करते हैं।''

इस साल फरवरी में वेब सीरीज 'साइको सैयां' के प्रमोशन के दौरान सुरभि और तेजस्वी के बीच विवाद सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेजस्वी ने सुरभि के साथ इंटरव्यू देने से इनकार कर दिया था। इस दौरान सुरभि भावुक होकर वहां से चली गई थीं, हालांकि तेजस्वी ने ऐसा फैसला क्यों लिया था, इसकी सही वजह अब तक साफ नहीं हुई है।

--आईएएनएस

पीके/वीसी