×

तापसी पन्नू की 'गांधारी' सवालों के घेरे में, लेखक कल्याण बंदी का आरोप कहानी और टाइटल चुराया, बोले- 'मुझे क्रेडिट कैसे नहीं मिला?'

 

मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। तापसी पन्नू की आने वाली फिल्म 'गांधारी' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म को लेकर लेखक कल्याण बंदी लगातार अपनी बात सामने रख रहे हैं। उनका दावा है कि उन्होंने साल 2019 में 'गांधारी' नाम से एक कहानी लिखी थी, जिसकी कहानी मानव तस्करी के आसपास घूमती है। उनका आरोप है कि उनकी कहानी और टाइटल से मिलती-जुलती फिल्म अब बनाई गई है, लेकिन उन्हें इसका कोई क्रेडिट तक नहीं दिया गया। वहीं, फिल्म की लेखिका और निर्माता कनिका ढिल्लों की प्रोडक्शन कंपनी इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुकी है और फिल्म को पूरी तरह ओरिजिनल बता चुकी है।

अब इस पूरे विवाद पर कल्याण बंदी ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी बात विस्तार से रखी।

आईएएनएस से बातचीत में कल्याण बंदी ने कहा, ''मैंने साल 2019 में अपनी कहानी मोनिका शेरगिल को भेजी थी। उस समय वह 'वूट' से जुड़ी हुई थीं और अब नेटफ्लिक्स में वाइस प्रेसिडेंट हैं। कहानी भेजने के करीब एक-दो महीने बाद मुझे जवाब मिला कि यह कॉन्सेप्ट उस समय कंपनी की कमीशनिंग लिस्ट में फिट नहीं बैठता। इसके बाद मुझे स्क्रिप्ट वापस भेज दी गई।''

कल्याण ने बताया कि उनकी कहानी 'गांधारी' मानव तस्करी पर आधारित थी। कहानी में एक महिला एक ऐसी लड़की के लिए मानव तस्करी के पूरे मामले का सामना करती है, जिसे वह अपनी बेटी की तरह मानती है।

उन्होंने कहा, ''कहानी में 'गांधारी' नाम का एक पौराणिक जुड़ाव भी है, जिसकी वजह से मैंने इस नाम को अपनी कहानी के लिए चुना था। 'गांधारी' टाइटल मेरा अपना बनाया हुआ विचार था। महाभारत की गांधारी और मानव तस्करी के बीच सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है। इसलिए इस नाम को इस तरह की कहानी के साथ जोड़ना मेरी अपनी रचनात्मक सोच थी। अगर कोई महाभारत के बारे में जानता है तो उसे गांधारी के साथ मानव तस्करी जैसा कोई कॉन्सेप्ट जुड़ा हुआ नहीं मिलेगा।''

कल्याण ने कहा, ''अपनी कहानी को आगे ले जाने के लिए मैंने इसे कई जगहों पर भेजा। साल 2022 में मैंने यह कहानी डिज्नी हॉटस्टार को भी भेजी थी। वहां से मुझे 2023 में जवाब मिला। डिज्नी हॉटस्टार ने आधिकारिक ईमेल के जरिए मेरी कहानी की तारीफ की थी। इसी दौरान मैंने बावेजा स्टूडियोज से भी संपर्क किया। वहां कहानी पर फिल्म बनाने को लेकर बातचीत हुई और करीब चार-पांच महीने तक इस सिलसिले में मुलाकातें भी होती रहीं।''

कल्याण ने आगे कहा, "इस बीच, साल 2024 में नेटफ्लिक्स ने 'गांधारी' की घोषणा कर दी। फिल्म के टाइटल और उसके कॉन्सेप्ट को देखकर मुझे अपनी पुरानी कहानी याद आई। जिस नाम और विचार को मैंने सालों पहले तैयार किया था, वही अब एक बड़े प्रोजेक्ट के तौर पर सामने आया। सबसे ज्यादा आपत्ति मुझे इस बात से है कि इस काम का क्रेडिट मुझे नहीं दिया गया। मेरे लिए ये सिर्फ पैसों का सवाल नहीं है। अगर मेरी कहानी का इस्तेमाल किया जा रहा है तो कम से कम क्रेडिट तो दिया जाना चाहिए, लेकिन इसका क्रेडिट कनिका ढिल्लों को दिया गया। ये कैसे हो सकता है?"

कल्याण ने आगे बताया, ''मैंने इस मामले को लेकर मोनिका शेरगिल से भी संपर्क करने की कोशिश की। चूंकि अब वह नेटफ्लिक्स में अहम पद पर हैं, इसलिए मैंने उन्हें लिंक्डइन के जरिए अपनी बात बताई। लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मैंने स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन (एसडब्ल्यूए) में शिकायत की। मैंने अपनी कहानी साल 2019 में ही रजिस्टर करा दी थी।''

कल्याण ने एसडब्ल्यूए से मिले जवाब के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, ''एसोसिएशन ने मुझसे कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद स्क्रिप्ट और कहानी को आपस में मिलाकर देखा जाएगा और यह जांच की जाएगी कि कहीं कॉपी तो नहीं की गई। अगर कहानी पहले से रजिस्टर है और बाद में उसी तरह का प्रोजेक्ट सामने आता है तो मामले को गंभीरता से देखा जाना चाहिए।''

उन्होंने दावा किया कि इस मामले में साल 2025 में उन्होंने मोनिका शेरगिल को कानूनी नोटिस भेजा था, लेकिन अब तक उन्हें उस नोटिस का कोई जवाब नहीं मिला है। कल्याण ने नेटफ्लिक्स को भी लीगल नोटिस भेजा, लेकिन उनकी मानें तो कंपनी ने 11 महीने से अधिक समय बीता जाने के बाद भी इसका कोई जवाब नहीं दिया है।

कल्याण ने कहा कि मामला अदालत तक नहीं पहुंचा, क्योंकि एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ना उनके लिए आसान नहीं है।

इस पूरे विवाद में कल्याण ने तापसी पन्नू का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा, ''मैं तापसी पन्नू से भी नाराज हूं। मैंने तापसी को भी इस मामले की जानकारी दी थी। वह एक जिम्मेदार कलाकार हैं और उन्हें इस मामले की ओर ध्यान देना चाहिए था। लेकिन उनकी तरफ से भी मुझे कोई जवाब नहीं मिला।

दूसरी ओर, 'गांधारी' के मेकर्स कल्याण के आरोपों को बेबुनियाद बता चुके हैं। कनिका ढिल्लों की प्रोडक्शन कंपनी 'कथा पिक्चर्स' की ओर से कहा गया है कि फिल्म किसी दूसरे व्यक्ति के कॉन्सेप्ट की नकल नहीं है। 'गांधारी' एक ओरिजिनल कहानी है, जिसे कनिका ढिल्लों ने लिखा और प्रोड्यूस किया है और कथा पिक्चर्स ने इसे विकसित किया है। कंपनी ने साफ तौर पर कहानी और स्क्रीनप्ले को कनिका का अपना काम बताया है।

--आईएएनएस

पीके/जीकेटी