'पाकिस्तान मौसी है' बयान पर विवादों में सनी देओल, वीडियो में जाने सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
अभिनेता सनी देओल अपनी आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रमोशन के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पटना में आयोजित प्रमोशनल कार्यक्रम में उन्होंने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए भारत और पाकिस्तान के रिश्तों पर टिप्पणी की। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
क्या कहा सनी देओल ने?
कार्यक्रम के दौरान सनी देओल से पूछा गया कि उनकी नई फिल्म पाकिस्तान में शूट की गई है, ऐसे में वह पाकिस्तान को एक देश और वहां के माहौल के रूप में कैसे देखते हैं।इस पर सनी देओल ने पहले स्पष्ट किया कि फिल्म की शूटिंग पाकिस्तान में नहीं, बल्कि भारत में ही हुई है। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह इस तरह की बातें नहीं करते क्योंकि कभी पूरा देश एक ही था।
उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा,
"जैसे पापा ने कहा था कि मेरी मां (भारत) है, तो वो मेरी मौसी (पाकिस्तान) है। हम सब एक तरह से हैं और कहीं न कहीं से जुड़े हुए हैं।"
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
सनी देओल के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की टिप्पणी से बचना चाहिए।एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, "सनी देओल हर नए वीडियो से अपनी छवि को और नुकसान पहुंचा रहे हैं।" वहीं कई अन्य यूजर्स ने भी उनके बयान पर सवाल उठाए और अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं।हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अभिनेता ने केवल अपने पिता के पुराने बयान का संदर्भ दिया था और उनके बयान को पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
फिल्म की रिलीज से पहले बढ़ी चर्चा
सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रचार में व्यस्त हैं। देश के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को लेकर पहले से ही चर्चा बनी हुई है। अब उनके इस बयान के बाद फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।फिलहाल सनी देओल या उनकी टीम की ओर से सोशल मीडिया पर उठे विवाद को लेकर कोई अतिरिक्त प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, इंटरनेट पर उनके बयान को लेकर समर्थक और आलोचक दोनों अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।