'सूर्या' का धांसू टीज़र रिलीज: भ्रष्ट चिकित्सा व्यवस्था के खिलाफ ताल ठोकते नजर आए सनी देओल, फैंस में जबरदस्त क्रेज
बॉलीवुड के दमदार एक्टर सनी देओल 19 अक्टूबर को अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर फैंस सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। वहीं, सनी देओल ने भी अपने जन्मदिन पर फैंस को खास तोहफा दिया है। एक्टर की आगामी फिल्म 'सूर्या' का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें उनका जबरदस्त एक्शन और गुस्सैल अंदाज देखने को मिल रहा है।'बॉर्डर 2' के बाद सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार एक्शन करते नजर आने वाले हैं। फिल्म के टीजर ने उनके फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इस फिल्म में सनी देओल अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए दिखाई देंगे।
मेडिकल सिस्टम के खिलाफ जंग लड़ेंगे सनी देओल
फिल्म 'सूर्या' के टीजर से कहानी की एक झलक सामने आई है। इसमें सनी देओल ऐसे सिस्टम के खिलाफ खड़े नजर आते हैं, जहां कुछ डॉक्टर मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाकर पैसे कमाने की कोशिश करते हैं। फिल्म में मेडिकल व्यवस्था और मरीजों के साथ होने वाले कथित शोषण का मुद्दा उठाया गया है।
टीजर की शुरुआत सनी देओल की दमदार आवाज से होती है। वह डॉक्टरों को भगवान मानने और उनके प्रति लोगों के भरोसे की बात करते हैं। इसके बाद कहानी ऐसे हालात की ओर बढ़ती दिखाई देती है, जहां मरीजों की परेशानी और मजबूरी का गलत फायदा उठाया जाता है।सनी देओल एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते दिख रहे हैं। उनका एक्शन और दमदार डायलॉग डिलीवरी फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा सकती है।
मलयालम फिल्म 'जोसेफ' का हिंदी रीमेक है 'सूर्या'
'सूर्या' मलयालम क्राइम थ्रिलर फिल्म 'जोसेफ' का हिंदी रीमेक है। फिल्म में सनी देओल एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में उनका सामना ऐसी परिस्थितियों से होता है, जो उन्हें एक बार फिर न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर करती हैं।फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। इसके निर्माता दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट हैं।
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार
'सूर्या' में सनी देओल के साथ रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, टीनू आनंद, मनीष वाधवा, जीशु सेनगुप्ता, तनुश्री चक्रवर्ती, विरती वघानी, सिद्धार्थ शर्मा, रोहित तिवारी, अनूप त्रिवेदी, खालिद सिद्दीकी, पंकज धीर और बीना काक जैसे कलाकार नजर आएंगे।
कब रिलीज होगी 'सूर्या'?
फिल्म की रिलीज डेट 20 नवंबर बताई गई है। जन्मदिन पर टीजर रिलीज होने से सनी देओल के फैंस को उनकी अगली फिल्म की झलक मिल गई है। अब दर्शकों को इंतजार है कि बड़े पर्दे पर सनी देओल का यह नया किरदार किस तरह अन्याय के खिलाफ लड़ता नजर आएगा।फिल्म में एक्शन, क्राइम और मेडिकल सिस्टम से जुड़े मुद्दों का मेल देखने को मिल सकता है। हालांकि, कहानी की पूरी तस्वीर फिल्म रिलीज होने के बाद ही सामने आएगी।