सुभाष घई ने संगीतकार प्यारेलाल शर्मा को दिया खास सम्मान, बोले- उन्होंने सिखाया कि संगीत को आत्मा कैसे बनाया जाता है
मुंबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा में संगीत और फिल्मों का रिश्ता हमेशा बेहद खास रहा है। कई ऐसी फिल्में हैं जिनकी कहानी के साथ-साथ उनका संगीत भी लोगों के दिलों में हमेशा के लिए बस गया। पुराने दौर के संगीतकारों ने अपने सुरों से फिल्मों को ऐसी पहचान दी, जिसे आज भी लोग बड़े प्यार से याद करते हैं। उन्हीं महान संगीतकारों में एक नाम है प्यारेलाल शर्मा का, जिन्होंने अपने संगीत से हिंदी सिनेमा को अनगिनत यादगार गीत दिए। दिग्गज फिल्म निर्माता सुभाष घई ने खास अंदाज में प्यारेलाल के प्रति प्रति अपना आदर व्यक्त किया।
दरअसल, सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर प्यारेलाल शर्मा के साथ एक बेहद खूबसूरत तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में दोनों के बीच अपनापन साफ दिखाई दे रहा है। तस्वीर में सुभाष घई प्यारेलाल शर्मा के पास खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि प्यारेलाल आराम से कुर्सी पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों एक-दूसरे की तरफ मुस्कुराते हुए देख रहे हैं।
इस तस्वीर के साथ सुभाष घई ने प्यारेलाल शर्मा को एक जीनियस, गुरु और लीजेंड बताया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''प्यारेलाल शर्मा जैसे कलाकार बहुत कम होते हैं, जिनसे सीखने का मौका मिलना अपने आप में बड़ी बात होती है। मैंने उनसे यह सीखा कि किस तरह संगीत को केवल धुन तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उसे कहानी, किरदारों और दृश्यों के साथ इस तरह जोड़ा जाता है कि वह फिल्म की आत्मा बन जाए।''
उन्होंने आगे कहा, "प्यारेलाल शर्मा का दिल बहुत बड़ा है और वह हमेशा गंभीरता से संगीत सीखने वालों की मदद करते हैं। मैं उनका आभारी हूं कि मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला और यह सीख मेरे फिल्मी सफर में हमेशा काम आई। मैं आपके लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। हम सभी आपके प्रशंसक हैं और हमेशा रहेंगे।''
प्यारेलाल शर्मा हिंदी फिल्म जगत की मशहूर संगीतकार जोड़ी 'लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल' का हिस्सा रहे हैं। इस जोड़ी ने करीब छह दशकों तक हिंदी सिनेमा पर राज किया। प्यारेलाल शर्मा और दिवंगत संगीतकार लक्ष्मीकांत शांताराम कुडालकर ने मिलकर सैकड़ों फिल्मों में संगीत दिया और ऐसे गीत बनाए जो आज भी लोगों की जुबान पर हैं। उनकी धुनों ने 1960 से लेकर 1990 के दशक तक हिंदी फिल्मों को नई पहचान दी।
इस जोड़ी ने 'कर्ज', 'हीरो', 'अमर अकबर एंथनी', 'सत्यम शिवम सुंदरम' और 'राम लखन' जैसी कई बड़ी फिल्मों में यादगार संगीत दिया। इस मशहूर जोड़ी ने 500 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया था।
--आईएएनएस
पीके/वीसी