Spider-Man: Brand New Day: 4 दिसंबर को फिर सिनेमाघरों में लौटेगी फिल्म, एक्सटेंडेड कट में दिखेंगे नए सीन
टॉम हॉलैंड की सुपरहीरो फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इसकी री-रिलीज की जानकारी साझा की गई है। इस बार दर्शकों को फिल्म का एक्सटेंडेड कट देखने को मिलेगा, जिसमें पहले रिलीज हुए वर्जन में शामिल नहीं किए गए कुछ सीन और खास सरप्राइज देखने को मिल सकते हैं।
सोनी पिक्चर्स और मार्वल स्टूडियोज ने पुष्टि की है कि ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ 4 दिसंबर को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की यह वापसी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की रिलीज से करीब दो सप्ताह पहले होगी। इस ऐलान के साथ मेकर्स ने टॉम हॉलैंड की पीटर पार्कर के रूप में एक नई तस्वीर भी शेयर की है।
फिल्म के एक्सटेंडेड कट की टिकटों की बिक्री 19 नवंबर से शुरू होगी। मेकर्स ने संकेत दिया है कि नए वर्जन में कुछ अतिरिक्त फुटेज और फैंस के लिए सरप्राइज शामिल किए जाएंगे।
हटाए गए सीन भी हो सकते हैं शामिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्सटेंडेड कट में करीब 10 मिनट का अतिरिक्त फुटेज जोड़ा जा सकता है। इसमें रोसारियो डॉसन की वापसी भी देखने को मिल सकती है। वह क्लेयर टेंपल के किरदार में नजर आई थीं, जिसे मार्वल की कहानियों में ‘नाइट नर्स’ के नाम से भी जाना जाता है।
बताया जा रहा है कि क्लेयर टेंपल का एक कैमियो सीन पहले शूट किया गया था, लेकिन फिल्म के फाइनल कट में इसे शामिल नहीं किया गया। अब संभावना है कि इस सीन को एक्सटेंडेड वर्जन में जगह मिल सकती है।
Avengers: Doomsday से जुड़ा हो सकता है नया कंटेंट
फिल्म की री-रिलीज के साथ यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या एक्सटेंडेड कट में ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ से जुड़ा कोई संकेत दिया जाएगा। टॉम हॉलैंड की एवेंजर्स फ्रेंचाइजी में वापसी की खबरों के बाद फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है। फिल्म ने दुनियाभर में 2.5 बिलियन डॉलर से ज्यादा का कारोबार किया है। इसके बाद यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। उससे आगे ‘अवतार’ और ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ हैं।