×

साउथ निर्देशक श्रीवास की फिल्म 'फीनिक्स राजा' का मोशन पोस्टर रिलीज, टीजर ने बढ़ाई उत्सुकता

 

मुंबई, 28 अगस्त (आईएएनएस)। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के निर्देशक श्रीवास की आगामी पॉलिटिकल और सोशल थ्रिलर 'फीनिक्स राजा' सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। मेकर्स ने अब फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया है।

फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर और दो मिनट का दमदार 2डी मोशन टीजर मुंबई के होटल में रिलीज किया गया। मोशन टीजर में जानबूझकर मुख्य किरदारों के चेहरे नहीं दिखाए गए हैं। चेहरों को दिखाने के बजाय, यह दर्शकों को कॉर्पोरेट पावर, राजनीतिक खेल, ड्रग्स नेटवर्क, इंसाफ और सच्चाई की रहस्यमयी दुनिया से रूबरू कराता है।

टीजर के आखिर में दर्शकों के मन में एक बड़ा सवाल छोड़ दिया जाता है, 'फीनिक्स राजा कौन है?' फिल्म ताकत, सियासत, इंसाफ और फिर से उठ खड़े होने जैसे विषयों पर आधारित है।

फिल्म की कहानी एक ईमानदार बिजनेसमैन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो राजनातिक पहचान या रसूख के बजाय मेहनत, उसलों और ईमानदारी से अपनी जिंदगी बनाना चाहता है। जब ताकतवर लोग उसके खिलाफ हो जाते हैं, तो उसकी निजी लड़ाई सच्चाई, सम्मान और आने वाली पीढ़ी के भविष्य पर आधारित हो जाते हैं।

यह एक ऐसी दुनिया को दिखाती है, जहां ताकत और साजिशों का बोलबाला है, लेकिन इसके साथ ही एक ईमानदार अफसर, मजबूत न्यायपालिका और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों के रूप में एक मजबूत ताकत भी है।

फिल्म की टीम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि टाइटल 'फीनिक्स राजा' फीनिक्स पक्षी से प्रेरित है, जो जिंदा रहने, फिर से जन्म लेने और सच्चाई के कभी खत्म न होने का प्रतीक है।

फिल्म की मुख्य सोच एक दमदार लाइन में कही गई है, "सच्चाई को जलाया जा सकता है, सच्चाई को दफनाया जा सकता है, सच्चाई को दबाया जा सकता है, लेकिन इसे कभी खत्म नहीं किया जा सकता।"

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम