Sonali Kulkarni Birthday: कभी सांवले रंग पर सुनने पड़े ताने, मां ने चटनी बेचकर पाला; आज बॉलीवुड में है खास पहचान
मराठी और हिंदी सिनेमा में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी आज अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। कन्नड़ फिल्म से एक्टिंग करियर शुरू करने वाली सोनाली ने आमिर खान, अजय देवगन और सलमान खान जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है। हालांकि, उनका फिल्मी सफर आसान नहीं रहा। शुरुआती दिनों में उन्हें अपने सांवले रंग को लेकर ताने सुनने पड़े थे। आर्थिक परेशानियों के बीच पली-बढ़ीं सोनाली ने अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर इंडस्ट्री में मुकाम बनाया।
मां टिफिन सर्विस चलाती थीं, चटनी भी बेचती थीं
सोनाली कुलकर्णी का जन्म 3 नवंबर 1974 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था। उनका बचपन एक मध्यमवर्गीय परिवार में बीता। परिवार को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।
'इंडियन एक्सप्रेस' को दिए एक इंटरव्यू में सोनाली ने बताया था कि उनकी मां घर चलाने के लिए टिफिन सर्विस चलाती थीं और चटनी भी बेचती थीं। सोनाली अपनी मां के काम में मदद करती थीं और खुद को उनकी सबसे बड़ी असिस्टेंट बताती हैं।
ऑडिशन में सांवले रंग को लेकर किया गया था अपमान
सोनाली ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक कड़वा अनुभव भी साझा किया था। उन्होंने बताया था कि पहली फिल्म के ऑडिशन के दौरान पुणे में एक महिला ने उनके रंग को लेकर टिप्पणी की थी।
सोनाली के मुताबिक, जब उन्होंने महिला को बताया कि वे ऑडिशन देने आई हैं, तो उसने उनसे कहा कि पहले आईने में अपना चेहरा देख लें, क्योंकि कैमरे पर सांवली लड़कियां अच्छी नहीं लगतीं। इस तरह की टिप्पणी के बावजूद सोनाली ने हार नहीं मानी और अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ती रहीं।
कन्नड़ फिल्म से शुरू हुआ एक्टिंग करियर
सोनाली कुलकर्णी ने साल 1992 में कन्नड़ फिल्म 'चेलुवी' से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद 1994 में वे मराठी फिल्म 'मुक्ता' में नजर आईं।
मराठी सिनेमा में उन्होंने 'दोगी', 'डॉ. प्रकाश बाबा आमटे', 'कच्चा लिंबू' और 'गुलाबजाम' जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया।
आमिर, अजय और सलमान के साथ किया काम
हिंदी सिनेमा में सोनाली को साल 2001 में आई फिल्म 'दिल चाहता है' से खास पहचान मिली। इस फिल्म में उन्होंने आमिर खान, सैफ अली खान और अक्षय खन्ना के साथ काम किया था।
इसके बाद वे 'मिशन कश्मीर' और 'टैक्सी नंबर 9211' जैसी फिल्मों में नजर आईं। अजय देवगन की फिल्म 'सिंघम' में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। वहीं, सलमान खान की फिल्म 'भारत' में सोनाली ने उनकी मां का किरदार निभाया था।
सोनाली कुलकर्णी ने मराठी और हिंदी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है। शुरुआती संघर्ष और रंग को लेकर की गई टिप्पणियों के बावजूद उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई।