सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर फिल्म बनाने का अच्छा विषय मिला तो जरूर बनाऊंगा : मधुर भंडारकर
पणजी, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मधुर भंडारकर गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इंडियन पैनोरमा फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष (चेयरपर्सन) के रूप में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार का सेशन खत्म होने के बाद उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने फरहान अख्तर, आशुतोष गोवारिकर के साथ किए सेशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "फरहान अख्तर, आशुतोष गोवारिकर के साथ आज का सेशन करने में मुझे बहुत मजा आया। आज हमने 'दिल चाहता है', 'लगान' और 'चांदनी बार' की रिलीज के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाया। यह तीनों अलग ही विषय पर बनी फिल्में थी। लोगों को बातें करना अच्छा लगा, हमने कई पुरानी बातों को याद किया और हमने यह भी याद किया कैसे हम लोगों ने फिल्में बनाईं। यात्रा कैसी रही, 25 साल में कितना बदलाव हुआ और इतने सिनेमा बन चुके हैं, फरहान ने बहुत फिल्में बनाई हैं, आशुतोष ने कितनी फिल्में बनाई, मेरी फिल्मों के बारे में बातें हुई, तो अच्छा लगा मुझे।"
आईएएनएस ने निर्देशक से पेज-3 को लेकर सवाल पूछा, "आपने कहा था कि आप फिल्म 'पेज 3' का सीक्वल बनाना चाहेंगे?"
मधुर भंडारकर ने कहा, "मुझे लगता है कि आज के समय में सोशल मीडिया हम सभी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। ये सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में हुआ है। किसी ने मुझसे पूछा था कि जैसे 'पेज थ्री' में आपने जर्नलिस्ट और न्यूजपेपर पर कहानी बनाई थी, क्या आज के दौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर भी कोई फिल्म बना सकते है? मुझे लगा कि हां, बिल्कुल बन सकती है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर एक फिल्म एक जर्नलिस्ट के नजरिए से बनाई जानी चाहिए। अगर ऐसा कोई अच्छा सब्जेक्ट मेरे पास आया तो मैं जरूर फिल्म बनाऊंगा।
पाकिस्तानी पहली ओरिजिनल सीरीज को लेकर उन्होंने कहा, "मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है तो मैं इस पर डिटेल में कुछ नहीं बोल सकता हूं। जहां तक मुझे पता है कि सरकार ने कुछ ऐसा किया है कि सीरीज पर रोक लगा दी गई है।"
--आईएएनएस
एनएस/वीसी