☰
×

श्रद्धा कपूर की 'ईठा' के गाने पर झूमीं अक्षरा सिंह, फैंस से बोलीं- 'अब आपकी बारी'

 

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईठा' के एक गाने के जरिए लोगों का ध्यान खींचा। फिल्म के गाने 'मिर्च मसाला' पर अक्षरा ने एक खास वीडियो बनाया, जिसमें उनका डांस और चेहरे के हाव-भाव गाने के बोल और धुन के साथ मेल खाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने लोगों से अपने लिए भी वीडियो बनाने की अपील की।

अक्षरा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। इसमें वह 'मिर्च मसाला' गाने पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। गाने की धुन के साथ उनके डांस के अंदाज और चेहरे के हाव-भाव भी देखने लायक हैं।

वीडियो के साथ अक्षरा ने कैप्शन में लिखा, ''हमारे गाने पर मेरी पहली रील… अब आपकी बारी। आप सभी अपनी फेवरेट श्रद्धा को तो खूब सारा प्यार दें ही, साथ ही एक रील मेरे लिए भी बना देना ना। मुझे टैग जरूर करना, मुझे आपके वर्जन को देखने का बेसब्री से इंतजार रहेगा। मिलते हैं... 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में, 'ईठा' के साथ।''

फिल्म 'ईठा' की बात करें तो यह एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। विठाबाई ने अपने नृत्य और कला के दम पर महाराष्ट्र की लोककला को एक अलग पहचान दिलाई थी। फिल्म में श्रद्धा कपूर उनकी भूमिका निभा रही हैं। कहानी में एक ऐसी महिला कलाकार का सफर दिखाया गया है, जो तमाम मुश्किलों, निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव और संघर्षों के बावजूद अपनी कला के दम पर पहचान बनाती है। फिल्म में प्यार, धोखा, दर्द, हिम्मत और अपने सपनों को पूरा करने की जिद जैसे पहलुओं को भी दिखाया गया है।

फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। रणदीप हुड्डा फिल्म में विठाबाई के पति अन्ना सावंत मर्चेंट की भूमिका निभा रहे हैं। दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा इसके निर्माता हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा क्षितिज पटवर्धन और लक्ष्मण उतेकर ने लिखी है।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकारों की जोड़ी अजय-अतुल ने संभाली है। इसके गीत अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। 'मिर्च मसाला' से पहले फिल्म का गाना 'जी जी रे जी' भी जारी किया जा चुका है।

'ईठा' 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एएस