×

श्रद्धा कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करना बड़ी बात, लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने का मिला मौका: अक्षरा सिंह

 

पटना, 30 अगस्त (आईएएनएस)। भोजपुरी अदाकारा और सिंगर अक्षरा सिंह ने दानापुर के नारी गुंजन बिहार महादलित विकास मिशन स्पेशल स्कूल और हॉस्टल में अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने महादलित लड़कियों के साथ केक काटा और उनके साथ गाना गाते, संगीत का आनंद लेते और हल्के-फुल्के पल बिताते हुए समय बिताया। इसके साथ ही उन्होंने इस मौके पर इंदिरा आईवीएफ का दौरा भी किया।

अक्षरा सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "मैं इंदिरा आईवीएफ के 11 साल पूरे होने पर यहां आई हूं। मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि इतने बड़े अवसर पर मुझे यहां बुलाया गया। खासतौर से मेरे जन्मदिन पर मैं यहां आई।"

उन्होंने आगे कहा कि मैं चाहती हूं कि लोग यहां आएं और विज्ञान और निर्देश से जुड़ें, ताकि आज जो विश्वभर में आईवीएफ जाना जा रहा है, और कई सारे ऐसे सपने हैं, जो पूरे हुए हैं, मां बनने का जो बहुत खूबसूरत सपना होता है, जहां एक औरत मां बनकर पूर्ण होती है, जो अपनी आशा से निराश है, या कई पिता ऐसे हैं, जो उम्मीद लगाए बैठे हैं, एक बार उन्हें आईवीएफ की जरूर कोशिश करनी चाहिए।

श्रद्धा कपूर के साथ अपनी अगली फिल्म ईठा को लेकर अक्षरा सिंह ने कहा, "मेरी अगली फिल्म ईठा श्रद्धा कपूर के साथ आ रही है। इसके लिए मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि इतनी शानदार फिल्म, इतने कमाल के डायरेक्टर लक्ष्मण उत्तेकर के साथ काम करने का मौका मिला। श्रद्धा कपूर बहुत प्यारी हैं। वो बहुत अच्छी इंसान हैं। उनसे बहुत स्नेह मिला। उनके साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।"

बिहार में फिल्म सिटी को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर उन्होंने कहा, "ये बहुत बड़ी बात है। कई वर्षों से हम सोचते हैं कि बिहार में भी हम कलाकारों को यह मौका मिले कि वहां जाकर शूट कर सकें। यूपी में तो हमने कई बार शूटिंग की है। बिहार में ये कमी थी, जिसे लेकर अब ऐलान किया गया है, तो अब पूरी होगी।"

बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने को लेकर भोजपुरी अदाकारा ने कहा कि उन बच्चों के साथ मैं अपनी जिंदगी जीने गई थी। मेरे लिए इससे बड़ी बात कुछ नहीं हो सकती कि मैंने अपना बर्थडे उन बच्चों के साथ बिताया। हम अपनी जिंदगी में इतना जूझते रहते हैं, लेकिन वो इतनी कम सुविधाओं के बाद भी खुश हैं और छोटी-छोटी खुशियों को जी रहे हैं। ये देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा।

अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर उन्होंने कहा कि बहुत जल्द एक हीरो के साथ मेरी फिल्म आने वाली है। बस मैं चाहती हूं कि बिहार की बेटी हूं और यहां से हमेशा मुझे प्यार मिलता रहा है। उनकी वजह से ही मैं जो भी हूं, वो बन पाई हूं। आप अपना आशीर्वाद और प्यार ऐसे ही बनाए रखें, ताकि बिहार की बेटी अक्षरा सिंह और आगे बढ़ती जाए।

--आईएएनएस

केके/डीकेपी