'बाजीगर' के आइकॉनिक सीन का 32 साल बाद खुला राज, वीडियो में जाने शिल्पा शेट्टी ने बताया- गिरते वक्त चेहरे पर मुस्कान क्यों थी
बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'बाजीगर' का वह मशहूर सीन, जिसमें शाहरुख खान का किरदार शिल्पा शेट्टी के किरदार को इमारत की छत से धक्का देता है, आज भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब इस आइकॉनिक सीन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शिल्पा शेट्टी ने करीब 32 साल बाद पहली बार साझा किया है।
एक बातचीत के दौरान शिल्पा शेट्टी से पूछा गया कि फिल्म में नीचे गिरते समय उनके चेहरे पर मुस्कान क्यों दिखाई देती है। इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि उस दौर में आज जैसी VFX और एडवांस विजुअल इफेक्ट्स तकनीक उपलब्ध नहीं थी।
स्ट्रिंग वर्क से शूट हुआ था पूरा सीन
शिल्पा ने बताया कि उस सीन की शूटिंग स्ट्रिंग वर्क (तारों के सहारे) की मदद से की गई थी। उन्होंने कहा कि गिरते समय वह सुरक्षा के लिए स्ट्रिंग से बंधी हुई थीं और उसी दौरान उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई, जो कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि आज उस सीन को ध्यान से देखा जाए, तो जिस स्ट्रिंग के सहारे उन्हें शूट किया गया था, वह फ्रेम में भी नजर आती है। मौजूदा समय की तकनीक से ऐसी स्ट्रिंग को आसानी से हटाया जा सकता है, लेकिन उस समय ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
आज भी यादगार है 'बाजीगर' का यह सीन
साल 1993 में रिलीज हुई 'बाजीगर' बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जाती है। फिल्म में शाहरुख खान के नकारात्मक किरदार और शिल्पा शेट्टी के साथ फिल्माए गए इस सीन ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी। तीन दशक बाद भी यह दृश्य हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार और चर्चित सीन्स में गिना जाता है।