×

शिल्पा शेट्टी ने आरक्षण विवाद पर तोड़ी चुप्पी, वायरल बयान को बताया झूठा और निराधार

 

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए बताया कि रिजर्वेशन पर उनके खिलाफ फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह से फर्जी और निराधार हैं। साथ ही, अभिनेत्री ने ऐसी खबरों पर भरोसा न करने की सलाह दी।

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक नोट जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मेरे नाम से जोड़कर आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे झूठे बयानों को देखकर मैं हैरान हूं। यह पूरी तरह से फर्जी, दुर्भावनापूर्ण और झूठी खबर है। इस नकली खबर पर भरोसा न करें।"

बात दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन की समाप्ति के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में सोशल मीडिया पर 'रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन' (आरएचए) नामक नया डिजिटल अभियान शुरू किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद 'आरएचए' पर कई सेलेब्स ने प्रतिक्रिया दी थी।

इसी बीच, इंस्टाग्राम स्टोरी का एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा कि शिल्पा शेट्टी ने जाति आधारित आरक्षण को लेकर कोई बयान साझा किया है। हालांकि, कई लोगों ने इसे फर्जी बताया है।

शिल्पा शेट्टी के नाम से वायरल हो रही इस नकली पोस्ट में लिखा था, "आरक्षण को मत छेड़िए। सामान्य वर्ग के डॉक्टरों को केवल सामान्य वर्ग के मरीजों का इलाज करने दें और बाकी सभी वर्गों के डॉक्टरों को सिर्फ अपनी जाति के मरीजों का इलाज करने दें। ऐसा कुछ सालों तक करके देखिए, फिर लोग खुद जाति आधारित आरक्षण खत्म करने की मांग करने लगेंगे। आरक्षण से कौशल हासिल नहीं किया जा सकता।"

यह फर्जी पोस्ट सोशल मीडिया पर उस समय वायरल होने लगी, जब आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने या उसमें बदलाव की मांग को लेकर ऑनलाइन चर्चाएं तेज हो गई थीं। इस मुद्दे पर सामान्य वर्ग के कई उम्मीदवार भी अपनी राय साझा कर रहे थे।

'रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन' एक नया डिजिटल और सोशल मीडिया आधारित अभियान है। यह मुख्य रूप से इंस्टाग्राम पर युवाओं द्वारा चलाया जा रहा एक नागरिक अभियान है, जो किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम