डेटिंग की अफवाहों पर शहनाज गिल ने तोड़ी चुप्पी, वीडियो में बोलीं- 'राघव मेरा बहुत अच्छा दोस्त है', फैंस से की फिल्म सपोर्ट करने की अपील
अभिनेत्री शहनाज गिल और अभिनेता-डांसर राघव जुयाल पिछले कुछ समय से अपनी कथित डेटिंग की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। अब इन अफवाहों के बीच शहनाज गिल ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में जब शहनाज से राघव जुयाल के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने निजी जिंदगी पर बात करने से साफ इनकार कर दिया। शहनाज ने कहा, "प्लीज, मुझसे पर्सनल सवाल मत पूछिए।"
'राघव मेरा बहुत अच्छा दोस्त है'
हालांकि, शहनाज ने राघव जुयाल के साथ अपनी दोस्ती को स्वीकार करते हुए कहा कि वह उनके बेहद करीबी और अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने लोगों से राघव की आगामी फिल्म को सपोर्ट करने की भी अपील की।शहनाज ने कहा, "मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि मेरे दोस्त की फिल्म आ रही है। 'भाई तेरा स्टार है', इसलिए आप सभी से गुजारिश है कि उसकी फिल्म को जरूर सपोर्ट करें। वह मेरा बहुत अच्छा दोस्त है और उसकी फिल्म का चलना बेहद जरूरी है।"उनके इस बयान के बाद यह साफ हो गया कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से राघव को अपना अच्छा दोस्त बताया है, जबकि डेटिंग की खबरों पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी थीं चर्चाएं
दरअसल, हाल ही में राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इस वीडियो में शहनाज गिल और राघव को पार्टी से एक साथ बाहर निकलते और एक ही कार में जाते हुए देखा गया था।वीडियो के एक हिस्से में शहनाज राघव की गोद में बैठी नजर आई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के अफेयर को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं और फैंस उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगाने लगे।
रिश्ते पर नहीं दी स्पष्ट प्रतिक्रिया
हालांकि, शहनाज गिल ने अपने ताजा इंटरव्यू में डेटिंग की अफवाहों की न तो पुष्टि की और न ही उनका खंडन किया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वह अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों पर बात नहीं करना चाहतीं।फिलहाल, शहनाज के इस बयान के बाद भी दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं थमी नहीं हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार दोनों की केमिस्ट्री पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, शहनाज ने अपने बयान के जरिए फोकस राघव जुयाल की आने वाली फिल्म पर रखने की कोशिश की है।