शाहरुख खान बने अपनी पहली शादी वाले घर के अकेले मालिक, फुटेज में जाने दिल्ली की पूरी बिल्डिंग खरीदी, चुकाए करीब ₹37 करोड़
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी एक खास याद को फिर से संजो लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख अब दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क स्थित उस पूरी रिहायशी बिल्डिंग के अकेले मालिक बन गए हैं, जहां उन्होंने शादी के बाद अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की थी।
बताया जा रहा है कि अभिनेता ने बिल्डिंग के दूसरे और तीसरे फ्लोर खरीद लिए हैं। इससे पहले बेसमेंट और पहला फ्लोर उनके स्वामित्व में था। नई खरीद के बाद पूरी इमारत अब शाहरुख खान के नाम हो गई है।
करीब 37 करोड़ रुपए में खरीदे दो फ्लोर
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान ने बिल्डिंग के दूसरे और तीसरे फ्लोर खरीदने के लिए करीब 37 करोड़ रुपए का भुगतान किया है।हालांकि, इस खरीद को लेकर अभिनेता या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
शाहरुख और गौरी के लिए बेहद खास है यह घर
यह प्रॉपर्टी शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान के लिए भावनात्मक रूप से बेहद खास मानी जाती है। दोनों की शादी 25 अक्टूबर 1991 को हुई थी और विवाह के बाद उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत इसी घर से की थी।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई शिफ्ट होने से पहले दोनों कुछ समय तक इसी घर में रहे थे। बाद में हरुख ने फिल्मी करियर पर पूरा ध्यान देने के लिए मुंबई का रुख किया, जहां उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।
तीन रीति-रिवाजों से हुई थी शादी
शाहरुख खान और गौरी खान की शादी अपने समय की चर्चित शादियों में शामिल रही थी। दोनों ने कोर्ट मैरिज के अलावा पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज और निकाह के अनुसार भी विवाह किया था।उनकी प्रेम कहानी और शादी आज भी बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय लव स्टोरीज़ में गिनी जाती है।
यादों से जुड़ी प्रॉपर्टी फिर आई सुर्खियों में
करीब तीन दशक बाद इस घर का फिर से शाहरुख खान के जीवन में अहम स्थान बन गया है। जिस घर से उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की थी, अब वह पूरी इमारत उनके स्वामित्व में है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फैसला सिर्फ एक रियल एस्टेट निवेश नहीं, बल्कि शाहरुख और गौरी की जिंदगी से जुड़ी अनमोल यादों को सहेजने का भी प्रतीक माना जा रहा है।