Shabana Azmi Birthday: 76 की उम्र में भी कायम है शबाना आजमी का जलवा, प्यार से शादी और नेशनल अवॉर्ड तक जानें अनसुनी बातें
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी आज 76 साल की हो गई हैं। 18 सितंबर 1950 को जन्मीं शबाना ने अपने लंबे फिल्मी करियर में अभिनय की ऐसी मिसाल कायम की, जिसे हिंदी सिनेमा में आज भी याद किया जाता है। गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदारों को पर्दे पर जीवंत करने वाली शबाना ने फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
शबाना आजमी ने अपने करियर में कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया और समानांतर सिनेमा से लेकर मुख्यधारा की फिल्मों तक अपनी अलग पहचान बनाई। खास बात यह है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी वह फिल्मों में सक्रिय हैं।
कैफी आजमी की बेटी हैं शबाना
शबाना आजमी का जन्म हैदराबाद में मशहूर शायर और लेखक कैफी आजमी के घर हुआ था। साहित्य और कला के माहौल में पली-बढ़ीं शबाना ने आगे चलकर अभिनय को अपना करियर बनाया। उनके पिता जहां अपनी शायरी के लिए प्रसिद्ध थे, वहीं शबाना ने अपनी अदाकारी के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में खास मुकाम हासिल किया।
Shashi Kapoor पर था शबाना आजमी का क्रश
शबाना आजमी ने एक पुराने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्हें अभिनेता शशि कपूर पसंद थे। शशि कपूर को हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में गिना जाता था और शबाना ने उनके साथ भी कई फिल्मों में काम किया। दोनों कलाकार 'फकीरा', 'जुनून', 'कलयुग', 'हीरा और पत्थर' और 'सौगात' जैसी फिल्मों में साथ नजर आए।
कॉलेज के बाद बेचती थीं कॉफी
शबाना आजमी के संघर्ष के दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा उनकी मां शौकत आजमी की आत्मकथा 'कैफी एंड आई मेमॉयर' में मिलता है। इसमें बताया गया है कि कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद शबाना ने कुछ समय तक पेट्रोल स्टेशन पर कॉफी बेचने का काम किया था। इस दौरान वह रोजाना करीब 30 रुपये तक कमा लेती थीं।
Shekhar Kapur के साथ रहा लंबा रिश्ता
फिल्मी करियर के शुरुआती दौर में शबाना आजमी और निर्देशक शेखर कपूर का रिश्ता भी चर्चा में रहा। दोनों करीब सात साल तक साथ रहे और एक समय लिव-इन रिलेशनशिप में भी थे। हालांकि बाद में दोनों अलग हो गए। दिलचस्प बात यह है कि रिश्ते के खत्म होने के बाद भी दोनों ने पेशेवर तौर पर साथ काम किया और फिल्म 'मासूम' में नजर आए।
Javed Akhtar से 1984 में हुई शादी
शेखर कपूर से अलग होने के बाद शबाना आजमी की नजदीकियां लेखक और गीतकार जावेद अख्तर से बढ़ीं। जावेद अख्तर अक्सर शबाना के पिता कैफी आजमी से मिलने उनके घर आते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
उस समय जावेद अख्तर पहले से शादीशुदा थे। उनकी पहली शादी अभिनेत्री और लेखिका हनी ईरानी से हुई थी और इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं। बाद में जावेद और हनी का रिश्ता खत्म हो गया और इसके बाद शबाना आजमी तथा जावेद अख्तर ने शादी कर ली। दोनों की शादी 1984 में हुई थी। शबाना और जावेद की अपनी कोई संतान नहीं है।
150 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
शबाना आजमी ने करीब 24 साल की उम्र में श्याम बेनेगल की फिल्म 'अंकुर' से अभिनय की शुरुआत की थी। यह फिल्म उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई। इसके बाद उन्होंने 'अर्थ', 'मासूम', 'खंडहर', 'पार', 'गॉडमदर', 'अमर अकबर एंथनी' और 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' सहित कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में शबाना आजमी 150 से अधिक फिल्मों में काम कर चुकी हैं। फिल्मों के अलावा उन्होंने थिएटर और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी अपनी पहचान बनाई है।
5 बार मिला National Film Award
शबाना आजमी के नाम पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हैं। उन्हें 'अंकुर' के लिए 1975 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। इसके बाद 'अर्थ', 'खंडहर', 'पार' और 'गॉडमदर' जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए भी उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
शबाना आजमी की पहचान सिर्फ उनके पुरस्कारों से नहीं, बल्कि उन किरदारों से भी होती है जिन्हें उन्होंने अपने अभिनय से यादगार बनाया। यही वजह है कि भारतीय सिनेमा में उनका नाम लंबे समय से सम्मान के साथ लिया जाता है।