☰
×

Shaan Birthday: 4 साल की उम्र में शुरू किया जिंगल्स गाना, फिर बने बॉलीवुड की आवाज; ऐसी है शान की कहानी
 

 

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर शान आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. अपनी सुरीली और सॉफ्ट आवाज के लिए पहचाने जाने वाले शान ने हिंदी सिनेमा के अलावा कई दूसरी भाषाओं में भी गाने गाए हैं. सिंगिंग के साथ वह टीवी होस्टिंग और एक्टिंग में भी नजर आ चुके हैं. हालांकि, संगीत से उनका रिश्ता आज का नहीं बल्कि बचपन से ही रहा है.
संगीत परिवार में हुआ जन्म
शान का पूरा नाम शांतनु मुखर्जी है. उनका जन्म 30 सितंबर 1972 को मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था. उनके परिवार का संगीत से गहरा जुड़ाव रहा है. उनके दादा जाहर मुखर्जी गीतकार थे, जबकि पिता मानस मुखर्जी म्यूजिक डायरेक्टर और मां सोनाली मुखर्जी सिंगर थीं. उनकी बहन सागरिका मुखर्जी भी गायिका हैं.
घर में संगीत का माहौल होने का असर शान पर बचपन से ही दिखाई देने लगा था. उन्होंने महज चार साल की उम्र में विज्ञापनों के लिए जिंगल्स गाना शुरू कर दिया था.


14 साल की उम्र में पिता का निधन
शान के पिता मानस मुखर्जी का निधन 18 अक्टूबर 1986 को हुआ था. उस समय शान सिर्फ 14 साल के थे. पिता के निधन के बाद उनकी मां सोनाली ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने लंबे समय तक कोरस सिंगर के तौर पर काम किया और परिवार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई.
17 साल की उम्र में प्लेबैक सिंगिंग
शान ने महज 17 साल की उम्र में प्लेबैक सिंगिंग की दुनिया में कदम रखा. साल 1989 में फिल्म 'परिंदा' के गाने 'कितनी है प्यारी प्यारी' में उनकी आवाज सुनाई दी. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में गाने गाकर अपनी पहचान बनाई.
करियर के शुरुआती दौर में शान ने विज्ञापनों के लिए कई जिंगल्स गाए. इसके अलावा उन्होंने रीमिक्स गानों में भी अपनी आवाज दी. आरडी बर्मन के लोकप्रिय गाने 'रूप तेरा मस्ताना' के रीमिक्स से उन्हें खास पहचान मिली.
'तनहा दिल' ने बदली करियर की दिशा
साल 1999 में शान का एल्बम 'तनहा दिल' रिलीज हुआ, जिसने उन्हें बतौर सोलो सिंगर अलग पहचान दिलाई. एल्बम के गाने युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए. इसके लिए उन्हें साल 2000 में एमटीवी एशिया म्यूजिक के बेस्ट सोलो एल्बम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
इसके बाद शान ने बॉलीवुड में कई लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज दी. 'चांद सिफारिश', 'जब से तेरे नैना', 'आओ मिलो चलो', 'हे सोना', 'बूम बूम बोले', 'वो लड़की है कहां' और 'सुनो ना' जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया.
कई भाषाओं में गाए गाने
शान ने हिंदी के साथ बंगाली, कन्नड़, नेपाली, मलयालम और उर्दू में भी गाने गाए हैं. अपने करियर में वह कई बड़े बॉलीवुड कलाकारों के लिए प्लेबैक कर चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अब तक तीन हजार से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी है.
सिंगिंग के साथ होस्टिंग और एक्टिंग
शान ने टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. उन्होंने 'स्टार वॉइस ऑफ इंडिया', 'सा रे गा मा पा' और 'सा रे गा मा पा-लिटिल चैंप्स' जैसे म्यूजिक रियलिटी शोज को होस्ट किया है. इसके अलावा वह रियलिटी शो में जज की भूमिका में भी नजर आए हैं.
एक्टर के तौर पर भी शान ने अपनी किस्मत आजमाई. वह 'दमन' (2001) और 'म्यूजिक स्कूल' (2023) जैसी फिल्मों में अभिनय करते दिखाई दिए.


राधिका से शादी और दो बेटों के पिता हैं शान
शान की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पत्नी का नाम राधिका मुखर्जी है. दोनों की मुलाकात तब हुई थी जब शान 24 साल के थे. मुलाकातों का सिलसिला आगे बढ़ा और दोनों ने शादी करने का फैसला किया. साल 2002 में शान और राधिका शादी के बंधन में बंधे.
शादी के बाद दोनों दो बेटों के माता-पिता बने. उनके बेटों के नाम सोहम और माही हैं. संगीत की दुनिया में लंबा सफर तय करने वाले शान आज भी अपनी आवाज के जरिए दर्शकों के बीच लोकप्रिय बने हुए हैं.