ससुर सुनील मल्होत्रा के निधन पर भावुक हुईं कियारा आडवाणी, किया विरासत को आगे बढ़ाने का वादा
मुंबई, 18 फरवरी (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा इस वक्त बहुत बुरे दौर से गुजर रहे हैं क्योंकि उन्होंने हाल ही में अपने पिता सुनील मल्होत्रा को खो दिया।
अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपने दर्द को साझा करते हुए भावुक बातें लिखीं थीं, लेकिन अब सिद्धार्थ की पत्नी और बी-टाउन एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने अपने ससुर को याद कर आंखें नम कर देने वाला पोस्ट लिखा है।
कियारा आडवाणी ने शादी की फोटोज शेयर की हैं जिसमें वे अपने ससुर और बाकी परिवार के साथ दिख रही हैं। अभिनेत्री का कहना है कि उनके ससुर ने हमेशा खुली बाहों से उनका स्वागत किया और अपनी कहानियों और चुटकुलों से खूब हंसाया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "शुरुआत से ही आपने खुले हाथों से बिना किसी स्वार्थ के प्रेम के साथ मेरा स्वागत किया, जिसने हम सभी को एक आधार दिया। आपका स्नेह अटूट था, आपकी उदारता सहज थी। आप हर समय मौजूद रहते थे, ध्यान से बातों को सुनते थे, और छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखते थे। आपने सिर्फ और देना सीखा।
अभिनेत्री ने अपने पिता समान ससुर से काफी कुछ सीखा है और उस विरासत को अपने बच्चों को भी देना चाहती हैं।
अभिनेत्री ने आगे लिखा, "आपकी कहानियां, आपकी हंसी, आपका शांत साहस और आपका कोमल हृदय मेरे दिल में हमेशा बसे रहेंगे। आप अपने पीछे कोमलता, ईमानदारी और अटूट प्रेम की विरासत छोड़ गए हैं। यह आपके बच्चों, पोते-पोतियों और हम सभी में जीवित रहेगा जिन्हें आपको जानने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।"
कियारा का पति सिद्धार्थ के माता-पिता से बॉन्ड बहुत प्यारा है। शादी के बाद अभिनेत्री ने खुद खुलासा किया था कि वे अपने सास-ससुर के लिए मुंबई आने पर खास तैयारियां करती थीं। उन्होंने बताया कि अभिनेता की मां को दिल्ली के गोलगप्पे बहुत पसंद हैं, तो वे वैसे ही दिल्ली वाले स्वाद के साथ घर पर गोलगप्पे बनवाती थीं और खुद भी बनाने में मदद करती थीं।
बता दें कि अभिनेता के पिता सुनील मल्होत्रा काफी समय से बीमार चल रहे थे और 4 दिन पहले ही उनका निधन हो गया था। सुनील मर्चेंट नेवी में कैप्टन थे और बेटे के फिल्मी करियर में उनका बड़ा योगदान था।
--आईएएनएस
पीएस/एएस