×

संदीप रेड्डी वांगा को भा गई 'धुरंधर: द रिवेंज', आदित्य धर को बताया 'काली नजर' से बचने का तरीका

 

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। एक्टर रणवीर सिंह और डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। फिल्म के रिलीज को 21 दिन हो चुके हैं, लेकिन इसकी कमाई पर ज्यादा असर देखने को नहीं मिल रहा है।

फिल्म ने 1,600 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। अब इतनी सक्सेस के बाद फिल्म निर्माता-निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने इसकी दिल खोलकर तारीफ की है और फिल्म को ट्रोल करने वाले लोगों को दो टूक बातें भी सुनाई हैं।

'एनिमल' और 'अर्जुन रेड्डी' जैसी आक्रामक फिल्में बनाने वाले संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म धुरंधर की दिल खोलकर तारीफ की है। निर्माता का कहना है कि जिन लोगों ने प्रचार के दम पर अपना करियर बनाया, वो आज धुरंधर फिल्म का मजाक उड़ा रहे हैं।

निर्माता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "लेखकों और अभिनेताओं ने प्रचार के दम पर अपना करियर बनाया, और फिल्म इंडस्ट्री चुपचाप बैठी रही। अब वही लोग धुरंधर का मज़ाक उड़ा रहे हैं। अगर आपकी पहली प्रतिक्रिया ही मज़ाक उड़ाना है, तो आप खुद को उदारवादी नहीं कह सकते। पता नहीं कब से सच को प्रचार का नाम दिया जाने लगा। अजीब समय है।"

निर्माता ने आदित्य को सक्सेस के बाद लगने वाली बुरी नजर से भी बचाव का तरीका बताया है। उन्होंने मुट्ठी भर लाल मिर्च जलाने के लिए नहीं, बल्कि लाल मिर्च का पूरा खेत जलाने की बात कही है। उन्होंने आगे लिखा, "मैं आदित्य धर से कहना चाहता हूं कि ये काली दृष्टि ऐसे नहीं जाएगी, मुट्ठी भर लाल मिर्च से काम नहीं चलेगा, पूरा खेत जलाना पड़ेगा।"

बता दें कि संदीप रेड्डी वांगा अभिनेता प्रभास के साथ सिनेमाघर में फिल्म को देखने के लिए पहुंचे थे, जहां से उनकी अभिनेता के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटोज वायरल हुई थी।

बता दें कि 'धुरंधर: द रिवेंज' के बाद आदित्य धर की खूब तारीफ हो रही है। उनकी फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' को भी दर्शकों ने खूब सारा प्यार दिया था, लेकिन उस वक्त सिर्फ फिल्म की तारीफ हुई थी, लेकिन इस बार फिल्म के साथ-साथ आदित्य धर के काम को भी खूब सराहा गया है।

--आईएएनएस

पीएस/एबीएम