×

समीरा रेड्डी ने बताया किचन की चम्मच से चेहरे को चमकाने का तरीका

 

मुंबई, 2 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री समीरा रेड्डी फिटनेस, हेल्दी खाने और स्किन केयर को बहुत अहमियत देती हैं। वे अक्सर त्वचा को निखारने के लिए प्राकृतिक या फिर घरेलू नुस्खे आजमाने की कोशिश करती रहती हैं। सोमवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्किन की मसाज के लिए एक घरेलू टिप शेयर की।

आमतौर पर महिलाएं गुआ शा टूल से फेशियल मसाज करती हैं, लेकिन समीरा ने इसकी बजाय किचन में मौजूद चम्मच का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वीडियो में अभिनेत्री ने बताया कि कैसे गुआ शा की बजाय चम्मच से भी मालिश की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि मसाज करने के लिए चेहरे पर तेल या मॉइस्चराइजर लगाने के बाद चम्मच को ठंडा करके (फ्रिज में रखकर) इस्तेमाल करें। मसाज करने का तरीका बताते हुए वे कहती हैं, "सबसे पहले माथे पर हल्के हाथों से ऊपर-नीचे स्लाइड करें। आंखों की पलकों पर बहुत हल्के से बाहर की ओर मसाज करें।

गालों को नाक के पास से कानों की तरफ दबाते हुए ले जाएं और जबड़े की लाइन पर बाहर की ओर मालिश करें। कान के आसपास आगे-पीछे हल्के हाथ से मसाज करें। स्कैल्प (सिर की त्वचा) को ऊपर की दिशा में मालिश करें।"

समीरा ने इस रूटीन को 2-3 हफ्ते में करने की सलाह दी है। साथ ही, इसके फायदे बताते हुए कहती हैं, "यह रक्त संचार को बेहतर बनाता है। लिंफेटिक ड्रेनेज से शरीर से गंदगी और टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं। त्वचा में कसाव आता है, एंटी-एजिंग प्रभाव पड़ता है और साथ ही, प्राकृतिक ग्लो आता है। नर्वस सिस्टम शांत होता है। अच्छा ब्लड फ्लो होने से त्वचा तक ज्यादा ऑक्सीजन और पोषक तत्व पहुंचते हैं।"

अभिनेत्री समीरा रेड्डी अब बड़े पर्दे पर फिल्म 'चिमनी' से फिर से वापसी करेंगी। इस फिल्म की कहानी हॉरर-थ्रिलर का मिक्स कॉम्बिनेशन है। मेकर्स ने इससे पहले फिल्म का टीजर जारी किया था, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया था। हालांकि, फिल्म को लेकर अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

--आईएएनएस

एनएस/एएस