☰
×

Salman Khan: अपनी बायोपिक पर सलमान खान का मजेदार बयान, बोले- मेरी जिंदगी पर फिल्म चली तो कई लोग डूब जाएंगे

 

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर सुर्खियों में हैं। 6 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर सलमान खान ने मीडिया से बातचीत की और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान अपनी बायोपिक को लेकर उनका एक बयान चर्चा का विषय बन गया।

अपनी बायोपिक को लेकर क्या बोले सलमान?

ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सलमान खान से पूछा गया कि क्या उनकी जिंदगी पर कभी कोई फिल्म या बायोपिक बन सकती है? इस सवाल पर अभिनेता ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में जवाब दिया।

सलमान ने कहा कि उनकी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं है, जिस पर फिल्म बनाई जाए और वह सफल हो। उन्होंने मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि उनकी जिंदगी में बहुत कुछ ऐसा भी है, जो अगर सामने आ गया तो कई लोग डूब जाएंगे। अभिनेता का यह जवाब सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने लगे।

फिल्म में कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभाएंगे सलमान

'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' में सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका में दिखाई देंगे। वह 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे और साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों का नेतृत्व कर रहे थे।

गलवान घाटी में देश के लिए उनके साहस और बलिदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। फिल्म की कहानी भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित है।

4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इसके अलावा मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, ज़ेन शॉ और अभिलाष चौधरी भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है, जबकि इसका निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले हुआ है। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

नयनतारा के साथ भी नजर आएंगे सलमान

'मातृभूमि' के अलावा सलमान खान अपने अगले प्रोजेक्ट की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। इस फिल्म में वह अभिनेत्री नयनतारा के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। इसका निर्देशन वामशी पैडिपल्ली कर रहे हैं और दिल राजू फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में सलमान खान के प्रशंसकों को उनकी कई नई फिल्मों का इंतजार रहेगा।