Saeed Jaffrey Death Anniversary: रेडियो अनाउंसर से हॉलीवुड स्टार तक का सफर, पहली पत्नी को तलाक देकर की थी दूसरी शादी
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सईद जाफरी ने अपनी शानदार अदाकारी से बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड में भी खास पहचान बनाई थी। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कलाकारों का नाम रोशन किया। फिल्मों के अलावा उनकी निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। पहली पत्नी मधुर से तलाक के बाद उन्होंने विदेशी महिला जेनिफर सोरेल से शादी की थी।
15 नवंबर को उनकी 11वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर आइए जानते हैं उनके जीवन, फिल्मी सफर और निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें।
ऑल इंडिया रेडियो में अनाउंसर थे सईद जाफरी
सईद जाफरी का जन्म 8 जनवरी 1929 को पंजाब के मलेरकोटला में हुआ था। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो में इंग्लिश अनाउंसर के तौर पर काम किया था।
बाद में अभिनय के प्रति रुचि उन्हें थिएटर की दुनिया में ले आई। उन्होंने 'यूनिटी थिएटर' नाम से अंग्रेजी थिएटर की शुरुआत की। थिएटर में काम करते हुए उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं और आगे चलकर फिल्मों में अपनी पहचान बनाई।
'शतरंज के खिलाड़ी' से बॉलीवुड में मिली पहचान
सईद जाफरी ने साल 1977 में सत्यजीत रे की फिल्म 'शतरंज के खिलाड़ी' से हिंदी सिनेमा में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया।
'चश्मे बद्दूर', 'मासूम', 'राम तेरी गंगा मैली', 'दिल', 'हीना', 'राम लखन' और 'आईना' उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं। अपने सहज अभिनय और दमदार संवाद अदायगी के कारण उन्होंने अलग पहचान बनाई।
हॉलीवुड में भी छोड़ी अभिनय की छाप
सईद जाफरी का अंतरराष्ट्रीय फिल्मी सफर बॉलीवुड से पहले ही शुरू हो गया था। उनकी पहली हॉलीवुड फिल्म 'द गुरु' 1969 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन जेम्स आइवरी ने किया था।
इसके बाद उन्होंने 'द विल्बी कॉन्स्पिरेसी', 'द मैन हू वुड बी किंग', 'डेथ ऑन द नाइल', 'गांधी', 'द रेजर्स एज', 'ए पैसेज टू इंडिया' और 'द डिसीवर्स' जैसी फिल्मों में काम किया। भारतीय और विदेशी सिनेमा में उनके योगदान ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
पहली पत्नी मधुर से हुआ तलाक, 11 साल बाद की दूसरी शादी
सईद जाफरी की मुलाकात अभिनेत्री और लेखिका मधुर से हुई थी, जिनका असली नाम मेहरून्निमा था। दोनों ने साल 1958 में शादी कर ली। इस शादी से उनकी तीन बेटियां सकीना, जिया और मीरा हुईं।
हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा और साल 1966 में उनका तलाक हो गया। इसके करीब 11 साल बाद सईद जाफरी ने विदेशी महिला जेनिफर सोरेल से दूसरी शादी की।
86 साल की उम्र में हुआ निधन
सईद जाफरी का 15 नवंबर 2015 को 86 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने अपने लंबे करियर में हिंदी और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को कई यादगार किरदार दिए। आज भी उनकी फिल्मों और अभिनय को दर्शक याद करते हैं।