साकिब सलीम : कभी विराट कोहली के साथ खेला था क्रिकेट, आज बन गए फिल्म स्टार
मुंबई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड में आज कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने अपने दम पर पहचान बनाई है। उन्हीं में एक नाम है साकिब सलीम का। साकिब ने अपनी मेहनत और टैलेंट के बल पर फिल्म इंडस्ट्री में खास जगह बनाई है। बहुत कम लोग जानते हैं कि एक्टिंग में आने से पहले साकिब का पहला प्यार क्रिकेट था और वह एक अच्छे खिलाड़ी भी रह चुके हैं। यहां तक कि उन्होंने भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली के साथ भी क्रिकेट खेला है। क्रिकेट से लेकर मॉडलिंग और फिर फिल्मों तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा है।
साकिब सलीम का जन्म 8 अप्रैल 1988 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता सलीम कुरैशी एक जाने-माने रेस्टोरेंट बिजनेसमैन हैं, जबकि उनकी बहन हुमा कुरैशी बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री हैं। बचपन से ही साकिब का झुकाव खेलों की तरफ था, खासकर क्रिकेट की ओर। वह स्कूल और कॉलेज के दिनों में क्रिकेट खेलते थे और स्टेट लेवल तक पहुंचे। इसी दौरान उन्हें विराट कोहली के साथ खेलने का मौका भी मिला, जो आज भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम हैं।
साकिब का जीवन केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने कुछ समय तक अपने पिता के बिजनेस में भी हाथ बंटाया, लेकिन उनका मन वहां नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और कई बड़े ब्रांड्स के लिए काम किया। धीरे-धीरे उनका रुझान एक्टिंग की ओर बढ़ने लगा और उन्होंने मुंबई का रुख किया। यहां उन्होंने कई विज्ञापनों में काम किया और फिल्म ऑडिशन देने शुरू किए।
साल 2011 में साकिब सलीम को फिल्म 'मुझसे फ्रैंडशिप करोगे' से पहला बड़ा मौका मिला। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया और उन्हें एक नए चेहरे के रूप में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 'मेरे डैड की मारुति', 'बॉम्बे टॉकीज' और 'हवा हवाई' जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी और उन्होंने धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली।
साकिब सलीम को असली पहचान तब मिली जब उन्होंने फिल्म '83' में क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ का किरदार निभाया। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग की काफी सराहा गया। इसके अलावा उन्होंने 'रेस 3' जैसी बड़ी फिल्मों में भी काम किया, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ी। फिल्मों के साथ-साथ साकिब ने कई वेब सीरीज में भी काम किया।
अगर उनके करियर की खास बात की जाए, तो यह है कि उन्होंने हर तरह के किरदार निभाने की कोशिश की है। चाहे वह रोमांटिक रोल हो, कॉमेडी हो या फिर गंभीर किरदार, साकिब ने हर जगह खुद को साबित करने की कोशिश की है। आज साकिब सलीम बॉलीवुड के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने बिना किसी बड़े गॉडफादर के अपनी पहचान बनाई है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम