रोहित शेट्टी केस : शूटर को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने बनाई कई टीमें
मुंबई, 2 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में नए खुलासे सामने आते जा रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, इस वारदात को अंजाम देने वाला शूटर अभी भी फरार है। शूटर की तलाश में क्राइम ब्रांच ने कई अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि इस केस में जांच निर्णायक मोड़ पर है और जल्द ही शूटर को पकड़ लिया जाएगा।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुणे पुलिस के साथ मिलकर की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने फायरिंग की वारदात के लिए जरूरी लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया था। हालांकि, इन चारों में से कोई भी शूटर नहीं है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, गिरफ्तार चार आरोपियों में से दो आरोपी सीधे तौर पर कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे शुभम लोनकर के संपर्क में थे। जांच में सामने आया है कि शुभम लोनकर ने ही पूरे हमले की योजना बनाई और शूटर को निर्देश दिए। लोनकर के आदेश के बाद ही शूटर ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की और इसके तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस साजिश को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया। जिन लोगों ने स्कूटी या अन्य सुविधाएं मुहैया कराईं, उन्हें यह भी पूरी जानकारी नहीं थी कि शूटर कौन है।
यह घटना रोहित शेट्टी के जुहू इलाके स्थित घर के बाहर शनिवार देर रात हुई। इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और रोहित शेट्टी भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की जांच पहले मुंबई पुलिस कर रही थी, लेकिन मामले की गंभीरता और गैंगस्टर कनेक्शन सामने आने के बाद केस मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।
फिलहाल, क्राइम ब्रांच की टीम शूटर की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट के आधार पर शूटर की मूवमेंट ट्रैक की जा रही है। वहीं, रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम