☰
×

Robert Pattinson बने नए James Bond! 007 के रोल में दिखेंगे 'द बैटमैन' स्टार, जानें अब तक किन 6 अभिनेताओं ने निभाया है यह किरदार

 

हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन को जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी का नया चेहरा चुना गया है। वह अब दुनिया के सबसे चर्चित काल्पनिक जासूसों में से एक 007 यानी जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाते नजर आएंगे। इस भूमिका के लिए कैलम टर्नर, जैक लॉडेन, जोश ओ'कॉनर और निकोलस हॉल्ट जैसे अभिनेताओं के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन आखिरकार बाजी रॉबर्ट पैटिनसन ने मार ली।द बैटमैन', 'हैरी पॉटर' और 'ट्वाइलाइट' जैसी फिल्मों से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले पैटिनसन जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे। जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 1962 में हुई थी। तब से अब तक छह कलाकार इस प्रतिष्ठित भूमिका को पर्दे पर निभा चुके हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर किया ऐलान

जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी की ओर से सोमवार को सोशल मीडिया पर 25 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया गया। इस वीडियो में रॉबर्ट पैटिनसन नजर आए। वीडियो के अंत में 'जेम्स बॉन्ड फिर लौटेगा' का संदेश दिया गया।

इस घोषणा के बाद हॉलीवुड में नई बॉन्ड फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पैटिनसन ने भी इस भूमिका को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए जेम्स बॉन्ड की तलाश कई महीनों तक चली। इसके लिए अगस्त में ऑडिशन शुरू हुए थे, जबकि अक्टूबर के आखिर में फाइनल स्क्रीन टेस्ट आयोजित किए गए।

हैरी पॉटर से बैटमैन तक ऐसा रहा रॉबर्ट पैटिनसन का सफर

13 मई 1986 को जन्मे रॉबर्ट पैटिनसन का फिल्मी करियर करीब दो दशक लंबा रहा है। इस दौरान वह 30 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं।

उन्होंने साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'Harry Potter and the Goblet of Fire' में सेड्रिक डिगरी का किरदार निभाया था। इसके बाद 2008 से 2012 के बीच आई 'Twilight' सीरीज में एडवर्ड कलन की भूमिका ने उन्हें दुनियाभर में लोकप्रिय बना दिया।

साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म 'The Batman' में उन्होंने ब्रूस वेन यानी बैटमैन का किरदार निभाकर एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींचा।

इसके अलावा पैटिनसन 'Tenet', 'The Lighthouse', 'Good Time' और 'Mickey 17' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। अब जेम्स बॉन्ड के रूप में उनकी नई पारी पर दुनियाभर के फिल्म प्रेमियों की नजर रहेगी।

जेम्स बॉन्ड की 26वीं फिल्म का निर्देशन करेंगे डेनिस विलेन्यूव

जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी की अगली यानी 26वीं फिल्म को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर डेनिस विलेन्यूव करेंगे। वह 'Dune' और 'Blade Runner 2049' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

फिल्म की कहानी स्टीवन नाइट लिख रहे हैं, जबकि एमी पास्कल और डेविड हेमैन इसके निर्माता होंगे। हालांकि, अभी तक फिल्म के नाम और रिलीज डेट का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

अब तक 6 अभिनेता निभा चुके हैं जेम्स बॉन्ड का किरदार

जेम्स बॉन्ड ब्रिटिश खुफिया एजेंसी MI6 के लिए काम करने वाला एक काल्पनिक जासूस है। उसका कोडनेम 007 है। इस किरदार को अपनी स्टाइल, खतरनाक मिशन, एक्शन और जासूसी के लिए दुनियाभर में पहचान मिली है।

आइए जानते हैं अब तक किन छह अभिनेताओं ने जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाई है।

1. शॉन कॉनरी (1962-1971)

शॉन कॉनरी जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाले पहले अभिनेता थे। उन्होंने 1962 में रिलीज हुई फिल्म 'Dr. No' से 007 के रूप में शुरुआत की। उनके स्टाइलिश अंदाज, दमदार व्यक्तित्व और हाजिरजवाबी ने इस किरदार को खास पहचान दिलाई।

उन्होंने 'From Russia with Love' (1963), 'Goldfinger' (1964), 'Thunderball' (1965), 'You Only Live Twice' (1967) और 'Diamonds Are Forever' (1971) जैसी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा 1983 में 'Never Say Never Again' में भी बॉन्ड बने थे।

31 अक्टूबर 2020 को 90 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

2. जॉर्ज लेजेनबी (1969)

ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता जॉर्ज लेजेनबी ने 1969 में रिलीज हुई फिल्म 'On Her Majesty's Secret Service' में जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाई थी।

उन्होंने आधिकारिक बॉन्ड फ्रेंचाइजी में सिर्फ एक फिल्म की। इस फिल्म में बॉन्ड का भावनात्मक पक्ष भी दिखाया गया था। ट्रेसी के साथ उनके रिश्ते और कहानी के भावुक मोड़ ने इसे दूसरी बॉन्ड फिल्मों से अलग बनाया।

खास बात यह है कि जॉर्ज लेजेनबी ने महज 29 साल की उम्र में यह किरदार निभाया था।

3. रोजर मूर (1973-1985)

रोजर मूर ने 1973 में फिल्म 'Live and Let Die' से जेम्स बॉन्ड के रूप में शुरुआत की। उन्होंने इस किरदार को पहले के मुकाबले ज्यादा मजेदार, हल्के-फुल्के और हाजिरजवाब अंदाज में पेश किया।

उन्होंने कुल सात बॉन्ड फिल्मों में काम किया। इनमें 'The Man with the Golden Gun' (1974), 'The Spy Who Loved Me' (1977), 'Moonraker' (1979), 'Octopussy' (1983) और 'A View to a Kill' (1985) शामिल हैं।

उन्होंने 45 साल की उम्र में पहली बार बॉन्ड का किरदार निभाया था और 58 साल की उम्र में अपनी आखिरी बॉन्ड फिल्म की। 23 मई 2017 को 89 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।

4. टिमोथी डाल्टन (1987-1989)

रोजर मूर के बाद टिमोथी डाल्टन ने जेम्स बॉन्ड की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 1987 में फिल्म 'The Living Daylights' से इस किरदार में डेब्यू किया।

इसके बाद 1989 में आई 'Licence to Kill' में भी वह बॉन्ड बने। उन्होंने कुल दो फिल्मों में 007 की भूमिका निभाई।

टिमोथी डाल्टन के दौर में जेम्स बॉन्ड को पहले से ज्यादा गंभीर, भावुक और वास्तविक अंदाज में दिखाया गया।

5. पियर्स ब्रॉसनन (1995-2002)

करीब छह साल के अंतराल के बाद पियर्स ब्रॉसनन ने 1995 में फिल्म 'GoldenEye' से जेम्स बॉन्ड के रूप में वापसी की।

उनके किरदार में स्टाइल, एक्शन और रोमांच का शानदार मिश्रण देखने को मिला। उन्होंने कुल चार फिल्मों में काम किया।

इनमें 'Tomorrow Never Dies' (1997), 'The World Is Not Enough' (1999) और 'Die Another Day' (2002) शामिल हैं।

जेम्स बॉन्ड के अलावा पियर्स ब्रॉसनन 'Dante's Peak', 'The Thomas Crown Affair' और 'Mamma Mia!' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।

6. डेनियल क्रेग (2006-2021)

डेनियल क्रेग ने 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'Casino Royale' से जेम्स बॉन्ड का किरदार संभाला। उन्होंने इस भूमिका को एक नया अंदाज दिया और बॉन्ड को ज्यादा मजबूत, गंभीर और भावनात्मक व्यक्तित्व के रूप में पेश किया।

उन्होंने कुल पांच बॉन्ड फिल्मों में काम किया। इनमें 'Quantum of Solace' (2008), 'Skyfall' (2012), 'Spectre' (2015) और 'No Time to Die' (2021) शामिल हैं।

'No Time to Die' उनकी आखिरी बॉन्ड फिल्म थी। इसके बाद से ही नए जेम्स बॉन्ड अभिनेता की तलाश चल रही थी।

अब रॉबर्ट पैटिनसन से जुड़ी हैं दर्शकों की उम्मीदें

छह अलग-अलग अभिनेताओं ने अपने अंदाज से जेम्स बॉन्ड के किरदार को नई पहचान दी है। अब रॉबर्ट पैटिनसन के सामने इस विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।

बैटमैन जैसे दमदार किरदार के बाद अब 007 के रूप में उनका एक्शन अवतार देखना दिलचस्प होगा। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट और बाकी कलाकारों को लेकर अभी और जानकारी सामने आना बाकी है।