100 करोड़ क्लब में पहुंची रवि तेजा की ‘इरुमुडी’, ‘टॉक्सिक’ के बीच भी बॉक्स ऑफिस पर कायम दबदबा
रवि तेजा की फिल्म ‘इरुमुडी’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला हफ्ता पूरा करने के बाद दूसरे हफ्ते में भी मजबूत शुरुआत की है. 21 अगस्त को रिलीज हुई इस एक्शन-ड्रामा फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. खास बात यह है कि यश की ‘टॉक्सिक’ समेत कई नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद ‘इरुमुडी’ की कमाई की रफ्तार पूरी तरह थमी नहीं है.
8वें दिन फिल्म ने कितने करोड़ कमाए?
रक्षाबंधन की छुट्टी का फिल्म को फायदा मिलता दिखाई दिया. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को ‘इरुमुडी’ ने करीब 9.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.
इसके साथ ही फिल्म की भारत में 8 दिनों की कुल नेट कमाई 101.85 करोड़ रुपये पहुंच गई है. यानी दूसरे हफ्ते में प्रवेश करते ही रवि तेजा की फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया.
पहले हफ्ते में ही कर ली थी 92 करोड़ की कमाई
‘इरुमुडी’ ने रिलीज के पहले सात दिनों में करीब 92.15 करोड़ रुपये की कमाई की थी. फिल्म को शुरुआती दिनों में दर्शकों का अच्छा सपोर्ट मिला, जिससे इसकी बॉक्स ऑफिस पकड़ मजबूत बनी रही.
हालांकि, यश की ‘टॉक्सिक’ और ‘वन्स मोर’, ‘हाय’ जैसी फिल्मों की रिलीज के बाद कुछ जगहों पर इसे कम स्क्रीन मिलने का असर जरूर पड़ा. इसके बावजूद फिल्म 100 करोड़ क्लब में जगह बनाने में कामयाब रही.
बनी साल की चौथी सबसे बड़ी तेलुगू फिल्म
101.85 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ ‘इरुमुडी’ अब इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगू फिल्मों की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गई है. फिल्म ने ‘उस्ताद भगत सिंह’ के 72.38 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है.
अब इसके सामने अगला लक्ष्य ‘द राजा साब’ है, जिसने 146.04 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था.
2026 की टॉप 5 तेलुगू फिल्में
पेद्दी — 244.27 करोड़ रुपये
मना शंकरा वारा प्रसाद गारू — 218.47 करोड़ रुपये
द राजा साब — 146.04 करोड़ रुपये
इरुमुडी — 101.85 करोड़ रुपये
उस्ताद भगत सिंह — 72.38 करोड़ रुपये
पिता-बेटी के रिश्ते पर आधारित है कहानी
शिवा निर्वाणा के निर्देशन में बनी ‘इरुमुडी’ में रवि तेजा के साथ प्रिया भवानी शंकर, बेबी नक्षत्र, साई कुमार, अजय घोष और स्वासिका विजय अहम भूमिकाओं में हैं.
फिल्म की कहानी पिता और बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द बुनी गई है. इसमें पारिवारिक भावनाओं के साथ एक्शन और ड्रामा को भी शामिल किया गया है. अब देखने वाली बात होगी कि दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई कितनी बढ़ती है और क्या यह ‘द राजा साब’ को पीछे छोड़कर टॉप-3 तेलुगू फिल्मों में जगह बना पाती है.