×

रणवीर-फरहान विवाद पर पूनम ढिल्लों ने कहा, 'बड़ों के झगड़े का असर छोटे लोगों पर न पड़े'

 

मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री हेमा मालिनी के डायमंड जुबली कॉन्सर्ट के मौके पर अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने शिरकत की। इस खास आयोजन में उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत की। इस दौरान अभिनेत्री ने हाल ही में चर्चा में रहे अभिनेता रणवीर सिंह और निर्माता-अभिनेता फरहान अख्तर से जुड़े विवाद पर अपनी राय रखी।

उन्होंने बताया कि किसी भी फिल्म को बनाने में केवल बडे कलाकार या निर्माता ही शामिल नहीं होते, बल्कि काफी सारे छोटे-बड़े कामगारों और तकनीकी टीम की दिन-रात की मेहनत भी होती है। कलाकारों और निर्माताओं के बीच किसी बात को लेकर मतभेद या अनबन होना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन मेरा मानना है कि उनके आपसी विवाद का असर उन मासूम लोगों को नहीं होना चाहिए, जो पूरी ईमानदारी से फिल्म के पीछे रहकर काम करते हैं।

अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने आगे कहा, "जब भी कोई फिल्म किसी बड़े विवाद के चलते रुकती है, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए। चाहे अहंकार, आपसी लड़ाई या कोई विवाद हो, उसका असर जरूरतमंद लोगों पर नहीं पड़ना चाहिए। जैसे हम युद्धों में देखते हैं कि फैसले तो नेता और बड़े लोग लेते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ता है। कुछ ऐसा ही हमारी इंडस्ट्री में भी होता है।"

बता दें कि फरहान अख्तर की आगामी फिल्म से रणवीर सिंह ने आखिरी वक्त में पीछे हट गए थे, जिसके बाद फिल्म निर्माताओं (फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी) ने अभिनेता पर आरोप लगाया कि शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले रणवीर ने फिल्म छोड़ दी, जिसकी वजह से कंपनी को करीब 45 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी (एक्सेल एंटरटेनमेंट) ने आरोप लगाया है कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर 45 करोड़ रुपए खर्च हो चुके थे और रणवीर के आखिरी समय में कदम पीछे खींचने से उन्हें भारी नुकसान हुआ।

फरहान अख्तर ने 'इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन' और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज से शिकायत की। फेडरेशन द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब न मिलने पर, रणवीर सिंह के खिलाफ 'असहयोग निर्देश' जारी किया गया।

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम