×

'लव एंड वॉर' से रणबीर कपूर का धांसू लुक आउट: मोटी मूंछें, खून से सनी शर्ट और गॉगल्स में दिखे बेहद रौबदार

 

संजय लीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से रणबीर कपूर का पहला लुक सामने आ गया है। बुधवार को जारी किए गए पोस्टर में रणबीर का इंटेंस और रॉ अवतार देखने को मिला। उनका यह लुक अब तक निभाए गए कई किरदारों से काफी अलग नजर आ रहा है।

पोस्टर में रणबीर कपूर मोटी मूंछों, गॉगल्स और खून के दाग वाली शर्ट में दिखाई दे रहे हैं। उनका लुक किरदार के रफ और मजबूत अंदाज की झलक देता है। शर्ट पर लगे खून के निशान फिल्म की डार्क और एक्शन से भरपूर कहानी की ओर इशारा करते हैं, जबकि गॉगल्स उनके किरदार को स्टाइलिश टच दे रहे हैं।

मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “वो रुतबा, वो रौब, वो जुनून!” इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी कंफर्म की गई है।

21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म

‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है।

फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी। इसे हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषा में भी रिलीज किए जाने की जानकारी दी गई है।

कई बार बदली जा चुकी है रिलीज डेट

‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। फिल्म की घोषणा जनवरी 2024 में की गई थी और उस समय इसे क्रिसमस 2025 के आसपास रिलीज करने की योजना थी।

बड़े स्तर पर शूटिंग और प्रोडक्शन का काम होने के कारण फिल्म की रिलीज आगे बढ़ाई गई। इसके बाद मार्च 2026 और फिर अगस्त 2026 में रिलीज की चर्चा हुई। हालांकि, बड़े वीएफएक्स और हवाई एक्शन सीन्स समेत प्रोडक्शन से जुड़े काम में समय लगने के कारण फिल्म तय समय पर रिलीज नहीं हो सकी।

अब मेकर्स ने इसकी नई और तय रिलीज डेट 21 जनवरी 2027 रखी है।

भंसाली के साथ विक्की कौशल की पहली फिल्म

‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। रणबीर और आलिया इससे पहले संजय लीला भंसाली के साथ काम कर चुके हैं।

रणबीर कपूर ने भंसाली के निर्देशन में बनी ‘सांवरिया’ से साल 2007 में बॉलीवुड डेब्यू किया था। वहीं, आलिया भट्ट ने भंसाली के साथ ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में काम किया था।

आलिया ने फिल्म में गंगूबाई का किरदार निभाया था और इस भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला था।

दूसरी ओर, विक्की कौशल की यह संजय लीला भंसाली के साथ पहली फिल्म है। ऐसे में तीनों सितारों की जोड़ी और भंसाली का निर्देशन इस फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है।

जून में सेट पर हुआ था हादसा

‘लव एंड वॉर’ जून 2026 में फिल्म के सेट पर हुए एक हादसे के बाद भी चर्चा में आई थी। 17 जून को मुंबई के फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती रिपोर्टों में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी।

हादसे के बाद भंसाली प्रोडक्शंस ने मृतक के परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने मुआवजे को बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की मांग की थी। संगठन ने मृतक के बच्चों की पढ़ाई और उनकी पत्नी को रोजगार देने की भी अपील की थी।

इसके बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर हादसे की जांच और FIR की मांग की थी। संगठन ने मृतक के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग भी रखी थी।

AICWA ने फिल्म सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। साथ ही फिल्म सेट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की भी अपील की गई थी।